RCB Full Squad: महिला प्रीमियर लीग 2027 के मिनी ऑक्शन में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आज अपनी टीम में चार खिलाड़ियों को शामिल किया। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेस जोनासन को 40 लाख रुपये में, दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर क्लो ट्रायन को 30 लाख रुपये में, भारतीय बल्लेबाज तेजल हसबनीस को 30 लाख रुपये में और भारतीय बल्लेबाज वृंदा दिनेश को 10 लाख रुपये में खरीदा।

जोनासन के आने से आरसीबी की स्पिन-बॉलिंग मजबूत होगी। वहीं, ट्रायन के जुड़ने से टीम में ऑलराउंड विकल्पों की गहराई बढ़ी है। हसबनीस और दिनेश के शामिल होने से टीम के पास भारतीय बल्लेबाजों के और विकल्प मौजूद हो गए हैं। अब आरसीबी इस टीम के साथ नए सीजन में अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी।

हमें उम्मीद नहीं थी- हेड कोच

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डब्ल्यूपीएल 2027 मिनी नीलामी में वृंदा दिनेश को टीम में शामिल करने पर हेड कोच मलोलन रंगराजन ने कहा, "सच कहूं तो, मुझे उम्मीद नहीं थी कि हम वृंदा को अपनी टीम में ला पाएंगे। इसलिए मैं बहुत खुश हूं कि हम कर्नाटक में जन्मी इस खिलाड़ी को अपनी टीम में शामिल कर सके हैं। वह 'इंडिया ए' के ​​लिए शानदार प्रदर्शन कर रही हैं, और जैसे ही हमें उन्हें टीम में लाने का मौका मिला, हमने तुरंत इस मौके को भुना लिया।" 

वहीं, क्लो ट्रायन के आने पर मुख्य कोच ने कहा, "वह एक बहुत अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, जो अलग-अलग फ्रेंचाइजी लीग में खेल रही हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। वह हमारी बल्लेबाजी को मजबूती देती हैं; वह नंबर 4 से नंबर 7 के बीच कहीं भी बल्लेबाजी कर सकती हैं और अपनी लेफ्ट-आर्म स्पिन से भी टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती हैं।"

1.15 करोड़ के बजट के साथ उतरी थी RCB 

महिला प्रीमियर लीग 2027 के मिनी ऑक्शन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पर्स सिर्फ 1.15 करोड़ रुपये था। वहीं, इस फ्रेंचाइजी ने ऑक्शन से पहले ही 13 खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया था। टीम ने रणनीतिक रूप से अपना बजट बढ़ाया था ताकि वे नीलामी में मजबूत स्थिति में रह सकें।

फ्रेंचाइजी ने इस लचीलेपन का फायदा उठाते हुए जोनासेन, ट्रायन, हसबनीस और दिनेश को अपनी टीम में शामिल किया। इससे उनकी स्पिन-बॉलिंग, ऑल-राउंड और बल्लेबाजी के विकल्प मजबूत हुए हैं, क्योंकि मौजूदा चैंपियन अब आने वाले सीजन के लिए तैयारी कर रही है।

इन खिलाड़ियों को किया था रिटेन

स्मृति मंधना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डब्ल्यूपीएल 2027 नीलामी से पूर्व कुल 13 खिलाड़ियों को रिटेन कर लिया था। इसमें कप्तान स्मृति मंधाना के अलावा जॉर्जिया वोल, नादिन डी क्लर्क, एलिस पेरी, श्रेयंका पाटिल, सायली सतघरे, ऋचा घोष, प्रत्युषा कुमार, लॉरेन बेल, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव और प्रेमा रावत को रिटेन किया था।

जबकि ग्रेस हैरिस, लिन्से स्मिथ, दयालन हेमलता और गौतमी नाइक को रिलीज कर दिया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि आरसीबी ने जिन नए चेहरों को स्क्वाड में शामिल किया है, वह कैसे टीम की जीत में अपना योगदान दे पाते हैं। 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु डब्ल्यूपीएल टीम: 

जेस जोनासेन (40 लाख रुपये), क्लो ट्रायॉन (30 लाख रुपये), तेजल हसब्निस (30 लाख रुपये), वृंदा दिनेश (10 लाख रुपये), स्मृति मंधाना (कप्तान), जॉर्जिया वोल, नादिन डी क्लार्क, एलिसे पेरी, श्रेयंका पाटिल, सयाली सतघरे, ऋचा घोष, प्रत्यूषा कुमार, लॉरेन बेल, अरुंधति रेड्डी, पूजा वस्त्राकर, राधा यादव, प्रेमा रावत।

ये भी पढ़ें- 16 साल की खिलाड़ी पर गुजरात का बड़ा दांव, मुंबई के पाले में कौन? जानिए ऑक्शन में किसको क्या मिला