Prithvi Shaw: भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ की हाल में शादी टूटी है। सोशल मीडिया पर उनकी पूर्व मंगेतर आकृति अग्रवाल ने पोस्ट शेयर करके दोनों के अलग होने की पुष्टि की थी। ऐसे में यह समय शॉ के लिए काफी कठिन वाला है, लेकिन शादी टूटने के कुछ दिनों बाद ही टीम में उनको एक नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। आगामी सीजन के लिए शॉ को टीम का कप्तान बनाया गया है। वह यह जिम्मेदारी रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के पहले मैच में निभाएंगे।

पृथ्वी शॉ को बनाया गया कप्तान

दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन के पहले मैच में महाराष्ट्र टीम का कप्तान बनाया गया है। महाराष्ट्र अपना पहला मैच 11 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली के पालम A स्टेडियम में सर्विसेज के खिलाफ खेलेगी।

इस मैच में टीम के नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ उपलब्ध नहीं रहेंगे और ऐसे में महाराष्ट्र क्रिकेट संघ ने शॉ पर भरोसा जताया है, जिनके पास कप्तानी का ढेर सारा अनुभव मौजूद है। 

इस सीरीज में कप्तानी करेंगे गायकवाड़

महाराष्ट्र के अनुभवी कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का सीरीज में पहला मैच खेलना मुश्किल है और इस स्थिति में शॉ को कप्तानी सौंपी गई है। ऋतुराज भारत ए और ऑस्ट्रेलियाय ए के बीच होने वाली अनाधिकारिक वनडे सीरीज में इंडिया ए की कप्तानी करेंगे और यही वजह है कि वह पहले रणजी ट्रॉफी मैच में उपलब्ध नहीं होंगे।

यह सीरीज के मैच क्रमश: 6 , 9 और 11 अक्टूबर को पुडुचेरी में खेले जाएंगे। आपको बता दें कि, पृथ्वी शॉ इससे पहले दलीप ट्रॉफी में महाराष्ट्र की कप्तानी कर चुके हैं। उस समय गायकवाड़ उपलब्ध नहीं थे और ऐसे में बोर्ड ने शॉ को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी थी।

मुंबई छोड़ महाराष्ट्र आये शॉ

भारतीय सितारे पृथ्वी शॉ इससे पहले मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेला करते थे, लेकिन बोर्ड और खिलाड़ी के बीच अनबन के बाद उन्होंने महाराष्ट्र के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने का फैसला किया था। शॉ ने इस टीम के लिए रणजी ट्रॉफी 2025-26 में खेले 7 मैचों की 11 पारियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 537 रन बनाए थे।

वह इस टीम के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे। इस दौरान शॉ ने 1 शतक और 3 अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। शॉ ने अपने शतक को दोहरे शतक में तब्दील किया था और 222 रन की शानदार पारी खेली।

सर्विसेज के खिलाफ रणजी ट्रॉफी मैच के लिए महाराष्ट्र का स्क्वॉड 

पृथ्वी शॉ (कप्तान), सचिन धास, दिग्विजय पाटिल, अंकित बवाने, हर्षल केट, सिद्धेश वीर, सौरभ नवले (विकेटकीपर), विक्की ओस्तवाल, राजवर्धन हंगरगेकर, मुकेश चौधरी, प्रदीप दाधे, तनय सांघवी, वैभव दरकुंडे, हितेश वालुंज, ऋषिकेश सोनावणे, अथर्व धर्माधिकारी।

ये भी पढ़ें- अभिषेक-संजू सैमसन ओपनिंग, पांचवें पर तिलक वर्मा, आकाश चोपड़ा की संभावित प्लेइंग-11 ने उड़ाए सबके होश