Mitchell Starc: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स की मुश्किलों में भारी वृद्धि हुई है। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को अगले सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व करना था लेकिन अभी से उनके नहीं खेलने की चर्चा हो रही है।

पिछले सीजन भी स्टार्क ने डीसी के लिए केवल 6 मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 11 विकेट झटके थे। हालांकि, अगर वह अगले सीजन के लिए उपलब्ध नहीं हो पाते हैं तो यह दिल्ली के लिए काफी बड़ा झटका हो सकता है।

क्यों नहीं खेलेंगे स्टार्क?

मिचेल स्टार्क ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम का अहम हिस्सा हैं और उनकी फिटनेस पर टीम प्रबंधन की पैनी नजर होती है। कई मौकों पर देखा गया है कि स्टार्क ने विदेशी लीगों से अधिक इंटरनेशनल क्रिकेट को महत्व दिया है। हालांकि, इस बार उनका आईपीएल में नहीं खेलने का प्रमुख कारण ऑस्ट्रेलिया वर्सेस इंग्लैंड के बीच 150वां टेस्ट मैच हो सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर मार्च 2027 में होने वाला ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड का ऐतिहासिक टेस्ट मैच खेला जाना है। यह इन दोनों टीमों के बीच क्रिकेट इतिहास का 150वां टेस्ट मैच होगा और इस ऐतिहासिक एनिवर्सरी मैच को स्टार्क बिल्कुल मिस नहीं करना चाहते हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट को दिया महत्व

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच और आईपीएल 2027 के शुरुआती मैचों के बीच टकराव हो सकता है। ऐसे में स्टार्क ने व्यस्त वर्कलोड और इंटरनेशनल क्रिकेट को प्राथमिकता देते हुए यह संकेत दिए हैं कि वह इस ऐतिहासिक टेस्ट का हिस्सा बनना चाहेंगे और आईपीएल 2027 में खेलने पर फैसला अपनी शारीरिक स्थिति के आधार पर लेंगे।

यानी अगर स्टार्क इस मैच के बाद फिट रहते हैं या फिर इसके आगे-पीछे कोई बड़ी सीरीज नहीं होती है तो फिर स्टार्क आईपीएल में खेल सकते हैं, अन्यथा दिल्ली को उनके विकल्पों की तलाश करनी होगी।

BGT के बाद होगा अंतिम फैसला

अगले साल की शुरुआत में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2026-27 खेली जानी है। इस सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी से होगी और अंतिम मैच 27 फरवरी को खेला जाएगा। इस लंबी टेस्ट सीरीज में मिचेल स्टार्क का खेलना कंफर्म हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो स्टार्क ने हाल ही में आईपीएल 2027 की नीलामी और रिटेंशन को लेकर टीम मैनेजमेंट से कुछ चर्चाएं हुई थीं लेकिन अभी तक कुछ भी तय नहीं हुआ है। स्टार्क ने यह भी कहा कि इसका अंतिम फैसला भारत के खिलाफ होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के बाद लिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- 2021 में थमा था करियर, अब युवराज सिंह बनेंगे मसीहा! जानिए कौन है वो खिलाड़ी जिसकी किस्मत पलटने वाले हैं युवी