इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने युवराज सिंह को सहायक और बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया है। 44 वर्षींय युवराज पहली बार कोचिंग में हाथ आजमा रहे हैं, लेकिन इससे पहले वह टीम इंडिया के वनडे और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल और टी20 के विस्फोटक बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को ट्रेनिंग दे चुके हैं।

अब दिल्ली में युवराज सिंह के आने से एक 26 वर्षींय बल्लेबाज की टीम इंडिया में वापसी का रास्ता खुल सकता है, क्योंकि इस प्लेयर को साल 2021 के बाद से टीम इंडिया में खेलने का मौका नहीं मिला।

इस खिलाड़ी की किस्मत बदलेंगे युवी

आईपीएल 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने युवराज सिंह को बैटिंग कोच बनाया है और उनके कंधों पर टीम की बल्लेबाजी में सुधार करने की जिम्मेदारी होगी। पिछले सीजन दिल्ली की बैटिंग विवादों में रही थीं, क्योंकि कई मौके पर बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया था।

अब युवी के आने से इसका  फायदा पृथ्वी शॉ को मिल सकता है, जिनको पिछले सीजन डीसी के लिए एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। शॉ को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में दिल्ली ने उनकी बेस प्राइज पर खरीदा था लेकिन टीम मैनेजमेंट ने उनको प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं दिया।

IPL 2027 में मिल सकता है चांस

इंडियन प्रीमियर लीग 2027 के लिए अभी तक रिटेंशन लिस्ट जारी नहीं हुई है लेकिन माना जा रहा है कि डीसी अपने युवा सलामी बल्लेबाज को 75 लाख की बेस प्राइज पर रिटेन कर सकती है। पिछले सीजन डीसी के लिए शॉ एक भी मैच नहीं खेले थे लेकिन सौरव गांगुली और युवराज सिंह के आने के बाद वह टीम मैनेजमेंट की बतौर ओपनर पहली पसंद हो सकते हैं।

इस स्टार बल्लेबाज ने दिल्ली के लिए 79 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 23.94 की औसत और 147.46 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ 1892 रन बनाए हैं। इस दौरान शॉ ने 14 हाफ सेंचुरी बनाई है, जबकि सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर 99 रन है।

रणजी ट्रॉफी में खेल रहे हैं शॉ

दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज पृथ्वी शॉ रणजी ट्रॉफी 2026-27 में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके पहले मैच में इस स्टार बल्लेबाज ने 73 गेंदों पर 70 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल था।

हालांकि, दूसरी पारी में वह सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इस मैच में उन्होंने अपना फॉर्म दिखा दिया है। आपको बता दें कि, शॉ काफी लंबे समय से घरेलू सर्किट में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और इसका फायदा उनको भविष्य में मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- IPL 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स-सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुआ ट्रेड, इन दो खिलाड़ियों की हुई अदला-बदली