Pakistan Probable Playing XI: एशियाई खेल पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच भारत और पाकिस्तान के बीच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा। भारत-पाकिस्तान दोनों की नजर स्वर्ण पदक जीतने पर होगी।

इस मैच में मैन इन ग्रीन की अगुवाई साहिबजादा फरहान करेंगे तो उनके ओपनिंग साथी की भूमिका में माज सदाकत नजर आ सकते हैं। वहीं, बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज सईम अयूब नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।

फरहान- सदाकत ओपनिंग!

3 अक्टूबर को भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान की ओपनिंग की जिम्मेदारी कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत करते नजर आ सकते हैं। सेमीफाइनल मैच में बांग्लादेश की ओपनिंग इन्हीं दोनों खिलाड़ियों ने की थी लेकिन साहिबजादा सिर्फ एक रन बनाकर सस्ते में आउट हो गए थे।

इसके अलावा माज सदाकत भी 7 गेंदों पर 15 रन बनाकर चलते बने। अब इन दोनों बल्लेबाजों पर भारत के खिलाफ टीम को शानदार ओपनिंग दिलाने की जिम्मेदारी होगी। वहीं, नंबर तीन पर विकेटकीपर बल्लेबाज उस्मान खान उतर सकते हैं। सेमीफाइनल में उन्होंने 14 रन बनाए थे।

अयूब-समद संभालेंगे मिडिल ऑर्डर!

स्वर्ण पदक मैच में पाकिस्तान के लिए नंबर चार पर सईम अयूब बैटिंग के लिए आ सकते हैं। सईम ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में 12 गेंदों पर 21 रन बनाए थे। इसके बाद पांचवें पर हसन नवाज और छठे पर अब्दुल समद बल्लेबाजी पर आ सकते हैं।

पिछले मैच में हसन ने नाबाद 27 रन और समद ने 15 गेदों पर 200 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 30 रन ठोके थे। इस दोनों की पारियों की बदौलत पाकिस्तान सेमीफाइनल में बांग्लादेश को छह विकेट से हराने में कामयाब रही थी। सातवें पर अराफत मिन्हास और आठवे पर अहमद दानियाल को मौका मिल सकता है।

पाकिस्तान की ताकत उनकी गेंदबाजी

भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान की ताकत उनकी गेंदबाजी रहेगी। बांग्लादेश को इसी गेंदबाजी लाइनअप ने 13 ओवर में 111 रन पर रोक दिया था। अब इस मैच में भी पाकिस्तानी टीम उसी प्रदर्शन को दोहराना चाहेगी।

मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद, सुफयान मोकिम, सईम अयूब, अराफत मिन्हास और अहमद दानियाल के रूप में कप्तान साहिबजादा फरहान के पास बॉलिंग विकल्प होंगे, जिसका इस्तेमाल वह खिताबी मैच में कर सकते हैं।

पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग-11

पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), माज सदाकत, उस्मान खान (विकेटकीपर), सईम अयूब, हसन नवाज, अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, अहमद दानियाल, मोहम्मद वसीम जूनियर, अबरार अहमद, सुफयान मोकिम।

ये भी पढ़ें- ICC ने क्रिकेट में किए नए बदलाव, 1 अक्टूबर से लागू हुए नियम, टेस्ट से वनडे तक ये पड़ेगा असर