Sunil Gavaskar: न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में 135 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भी, भारत एक समय मुश्किल में आ गया था। टीम का स्कोर 39/3 हो गया था और शुभमन गिल, विराट कोहली और रोहित शर्मा आउट हो चुके थे।

स्थिति तब और खराब हो गई जब स्कोर 47/4 हो गया, क्योंकि अक्षर पटेल भी जल्द ही आउट हो गए। केएल राहुल से पहले नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए अक्षर केवल 7 रन ही बना सके, जिससे भारत बड़ी मुसीबत में फंस गया।

गंभीर-शुभमन के फैसले पर उठे सवाल

हालांकि, दूसरे वनडे में भारत के लिए अच्छी बात यह रही कि अक्षर का विकेट गिरने के बाद आए केएल राहुल ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच एक अच्छी साझेदारी हुई, जिसने आखिर में मैच का रुख भारत के पक्ष में मोड़ दिया।

हालांकि कुछ क्रिकेट फैंस ने अक्षर को राहुल से पहले भेजने के हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल के फैसले पर सवाल उठाए, लेकिन दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने इस फैसले का बचाव किया।

गेंदबाजों को दिक्कत होती है-गावस्कर

भारतीय टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान सुनील गावस्कर का कहना है कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन एक अच्छा फैसला होता है। मैच के बाद सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर बात करते हुए गावस्कर ने समझाया,

"जब कोई बाएं हाथ का बल्लेबाज आता है, तो गेंदबाजों को थोड़ी दिक्कत होती है क्योंकि उन्हें दाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए तय की गई लाइन और लेंथ में बदलाव करना पड़ता है। ऐसा करने के चक्कर में, दाएं हाथ के बल्लेबाज के खिलाफ भी लाइन थोड़ी बदल सकती है, जिससे रन बनने के मौके बढ़ जाते हैं।"

कभी-कभी ये काम करता है- गावस्कर

सुनील गावस्कर का कहना है कि अगर अक्षर पटेल वाला प्रयोग काम कर जाता तो इसकी कोई आलोचना नहीं करता। उन्होंने आगे कहा,

"इस सोच में कुछ भी गलत नहीं था। अगर अक्षर रन बना देते, तो आप कहते कि कप्तानी कितनी शानदार थी। कभी-कभी ऐसे प्रयोग काम कर जाते हैं और कभी नहीं, और इस बार यह काम नहीं किया। साथ ही, टीम को पता था कि उनके बाद राहुल जैसा भरोसेमंद खिलाड़ी मौजूद है। इसीलिए कभी-कभी ऐसे प्रयोग किए जाते हैं।"

ये भी पढ़ें- बुमराह या भुवनेश्वर नहीं, अजिंक्य रहाणे ने इस गेंदबाज को बताया नेट्स में 'सबसे खतरनाक'