हैदराबाद: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की चुनौती और बयानों पर तेलंगाना के परिवहन एवं बीसी कल्याण राज्य मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने पलटवार किया है। पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि यदि केंद्र सरकार संसद में सही फैसले लेना चाहती है, तो राहुल गांधी कार्यवाही में भाग लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में राहुल गांधी अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए निश्चित रूप से सामने आएंगे और बोलेंगे।
पोन्नम प्रभाकर ने अमित शाह पर किया पलटवार
घुसपैठ से जुड़े बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि पिछले 10-12 वर्षों से अमित शाह गृह मंत्री रहे हैं, ऐसे में घुसपैठ का मुद्दा उनकी सरकार की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में नहीं बल्कि विपक्ष में है, इसलिए सरकार के अधिकार क्षेत्र में आने वाली चीजों की जिम्मेदारी विपक्ष पर नहीं डाली जानी चाहिए।
मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने SIR को लेकर उठाए सवाल
मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस अवैध घुसपैठियों को वोट देने का अधिकार देने के पक्ष में नहीं है, लेकिन वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने पर पार्टी को आपत्ति है। उन्होंने अमित शाह से पूछा कि SIR प्रक्रिया के दौरान कितने विदेशी नागरिकों की पहचान की गई और कितने लोगों को देश से वापस भेजा गया। उन्होंने इस मुद्दे पर संसद में चर्चा कराने की मांग भी की।
ये भी पढ़ें-लालकृष्ण आडवाणी के 100वें जन्मदिन पर PM मोदी ने दी बधाई, लिखा खास लेख