England Won ODI Series Against Australia: हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से हराकर सीरीज जीत ली है। सीरीज का अंतिम मैच बुधवार को होबार्ट में खेला गया, जिसमें मेहमानों ने 97 रन की बड़ी जीत दर्ज की और ट्रॉफी को अपने नाम किया।
आखिरी वनडे में ओपनर बेन डकेट ने शानदार शतकीय पारी खेली तो तेज गेंदबाज सन्नी बेकर ने चार विकेट लेकर इंग्लैंड को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। निर्णायक मुकाबले में मेहमान ने पहले बैटिंग करते हुए 48.3 ओवर में 328 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इसके जवाब में कंगारू सिर्फ 46.5 ओवर में 231 रन पर ढेर हो गई।
डकेट-विल ने खेली शानदार पारियां
सीरीज डिसाइडर मैच में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और स्कोर बोर्ड पर 328 रन का मुश्किल स्कोर लगा दिया। इंग्लिश टीम को यहां तक पहुंचाने में बेन डकेट और विल जैक्स की पारियों को अहम रोल रहा।
England secure the ODI series victory against Australia with a commanding performance in Hobart 💪 📝: https://t.co/KjA7uJhMBI https://t.co/03XOnXIRRF
— ICC (@ICC) November 18, 2026
दरअसल, बेन डकेट औरटॉम बैंटन की ओपनिंग जोड़ी ने 74 रन की शानदार शुरुआत दी। हालांकि, बैंटन 35 बॉल में 44 रन की तेज पारी खेलकर आउट हो गए।
इसके बाद दूसरे छोर से विकेट गिरते रहे, लेकिन बेन डकेट अपने शॉट्स खेलते नजर आए और 115 बॉल में 133 रन की शतकीय पारी खेल डाली। वहीं, विल जैक्स ने 48 गेंदों पर शानदार 59 रन बनाए और टीम को 328 के स्कोर तक पहुंचाया।
231 पर सिमटी पारी
ऑस्ट्रेलिया की ओर से जैक एडवर्ड्स ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले तो मैट रेनशॉ ने 3 विकेट चटकाए। वहीं, 50 ओवर में 329 रन का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया निरंतर अंतराल पर अपने विकेट खोती रही और अंत में पूरी पारी 46.5 ओवर में 231 रन पर ढेर हो गई।
मेजबानों की ओर से मैट रेनशॉ ने सर्वाधिक 55 रन बनाए तो अन्य कोई कंगारू बल्लेबाज 40 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका। इंग्लैंड की ओर से सन्नी बेकर ने 10 ओवर में 45 रन बनाकर 4 विकेट हासिल किए। जबकि लियाम डॉसन के खाते में 3 सफलताएं आईं तो गस एटकिंसन और हैरी ब्रूक को एक-एक विकेट मिला।
ऐसा रहा सीरीज का हाल
वनडे सीरीज का ओपनिंग मैच पर्थ में खेला गया था, जिसमें मेजबानों ने 7 विकेट की शानदार जीत हासिल की थी। लग रहा था कि कंगारुओं का पूरी सीरीज में कुछ ऐसा ही प्रदर्शन रहेगा, लेकिन दूसरे मैच में मेहमानों ने दमदार वापसी की और 135 रन से ऑस्ट्रेलिया को रौंद दिया।
दूसरे वनडे के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर थी और तीसरा वनडे सीरीज डिसाइडर रहा, जहां इंग्लैंड ने एक बार फिर बड़ी जीत हासिल करके ऑस्ट्रेलिया के घर में सीरीज अपने नाम कर ली।
आपको बता दें कि, कंगारुओं की पिछली चार घरेलू वनडे सीरीज में यह तीसरी हार थी। आखिरी वनडे सीरीज उन्होंने अपने घर में 2025 में भारत के खिलाफ हासिल की थी।
ये भी पढ़ें- ‘हम 20 विकेट निकाल…’ वेलिंगटन टेस्ट से पहले मोर्ने मोर्केल ने न्यूजीलैंड को दी चेतावनी! तेज गेंदबाजों का बढ़ाया हौसला