Cameron Bancroft on Sandpaper: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की बुक सब्र में ‘सैंडपेपर कांड’ को लेकर हुए चौंकाने वाले खुलासे ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया है। सीए लगातार इन आरोपों को नकार रहा है तो हाल ही में पूर्व कप्तान पैट कमिंस ने भी सभी प्लेयर्स के इसमें शामिल होने के आरोपों से इनकार किया।

 अब सैंडपेपर कांड में शामिल मुख्य खिलाड़ी कैमरून बैनक्रॉफ्ट के बयान ने फिर इस मामले में सनसनी मचा दी है। बैनक्रॉफ्ट ने आरोप लगाया कि जांच को लेकर उन्हें पूरी और सच्ची बात नहीं बताई गई। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि इसकी जानकारी सभी को मालूम थी।

इससे मुझे गुस्सा आता है- बैनक्रॉफ्ट

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने पत्रकार वार्ता में कहा, "इससे मुझे गुस्सा, धोखा और अकेलापन महसूस हुआ। सिर्फ हम तीनों, स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और मैं को ही नहीं पता था कि मैंने साउथ अफ्रीका में बॉल पर सैंडपेपर इस्तेमाल किया था। पूरी टीम को पता था।’’ 

साल 2018 में साउथ अफ्रीका दौरे पर बैनक्रॉफ्ट गेंद से छेड़छाड़ करते पकड़े गए थे। उन्हें कैमरे पर बॉल पर कुछ लगाते देखा गया था, जिसके बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाए गए थे।

मैंने जरूरी बातें छिपाईं- बैनक्रॉफ्ट

पत्रकार वार्ता में बैनक्रॉफ्ट ने स्वीकार किया कि उन्होंने सैंडपेपर से जुड़ी कई जरूरी बातें छिपाई थीं। उन्होंने कहा, “मैंने जरूरी बातें छिपाईं, जिसमें सैंडपेपर का इस्तेमाल कब शुरू हुआ, यह कितने समय तक चला, और दूसरों की इसमें भागीदारी और जानकारी शामिल थी। मैंने यह क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच को बचाने के लिए किया और अपने आस-पास के लोगों को इसमें शामिल नहीं होने दिया।”

बैनक्रॉफ्ट ने स्वीकार किया कि इसके बाद उनका क्रिकेट करियर भी बर्बाद हो गया। उन्होंने कहा, “मेरा क्रिकेट करियर बर्बाद हो गया है और 2019 में जस्टिन लैंगर के कोच बनने के बाद से मैं अपने देश के लिए कभी नहीं खेल पाया।”

वॉर्नर ने दिया था आइडिया

बैनक्रॉफ्ट ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि सैंडपेपर का आइडिया डेविड वॉर्नर ने दिया था, लेकिन वह इसको अंजाम नहीं दे सकते थे, क्योंकि उस समय सभी कैमरे उनपर ही फोकस करते और ऐसे में उनका पकड़े जाने के चांस अधिक थे। वहीं, स्टीव स्मिथ ने पहले ही इसमें हिस्सा लेने से इनकार कर दिया था। बैनक्रॉफ्ट ने कहा,

“मुझे याद है कि मुझे सावधान रहने की चेतावनी दी गई थी, और दूसरों ने कहा था कि अगर वे मेरी जगह होते तो ऐसा नहीं करते। मुझसे पूछा गया कि क्या मैं यह काम कर सकता हूं। मैं असहज और कॉम्प्रोमाइज्ड महसूस कर रहा था। मुझे पता था कि यह गलत है। मुझे पता था कि सैंडपेपर इस्तेमाल करना सिर्फ क्रिकेट के नियमों की सीमाओं को पार करना नहीं है। यह चीटिंग थी। लेकिन मुझे इसमें योगदान देने का मौका भी दिखा।”

ये भी पढ़ें- चेन्नई सुपर किंग्स को मिल गया एमएस धोनी का असली उत्तराधिकारी! 20 की उम्र में काट रहा है बवाल