Asian Games 2026: एशियन गेम्स में ऐतिहासिक प्रदर्शन करने वाली भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स को इंडियन गोल्फ यूनियन (IGU) की ओर से 10 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। प्रणवी ने एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत गोल्फ में भारत के लिए पहली बार गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा है।

IGU ने 2026 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय गोल्फ खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की है। IGU गवर्निंग काउंसिल ने इन पुरस्कारों को मंजूरी दी है। प्रणवी के अलावा महिला टीम की प्रत्येक सदस्य को 3 लाख रुपये दिए जाएंगे। सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय टीम में अदिति अशोक और दीक्षा डागर भी शामिल हैं।

प्रणवी ने रचा इतिहास
मैसूर की 23 वर्षीय प्रणवी उर्स ने शनिवार को बेहद रोमांचक मुकाबले में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने चार राउंड में कुल 15-अंडर 265 का स्कोर बनाया और चीन की यिन रुओनिंग तथा सिंगापुर की शैनन टैन को एक शॉट से पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।

प्रणवी फाइनल राउंड से पहले तीन शॉट की बढ़त के साथ मैदान में उतरी थीं। हालांकि तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के बाद उनकी स्थिति मुश्किल हो गई। उन्होंने इसके बाद शानदार वापसी करते हुए तीन बर्डी लगाईं और मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी। आखिरी दो होल में दबाव के बीच प्रणवी ने महत्वपूर्ण पार पुट किए और 18वें होल पर भी पार के साथ अपना स्कोर 15-अंडर बनाए रखा। उनकी दोनों प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी 14-अंडर पर रहीं, जिससे प्रणवी ने गोल्ड पक्का कर लिया।

एशियन गेम्स में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला
प्रणवी उर्स एशियन गेम्स में व्यक्तिगत गोल्ड जीतने वाली तीसरी भारतीय गोल्फर हैं। उनसे पहले ‘बनी’ लक्ष्मण सिंह ने 1982 दिल्ली एशियन गेम्स और शिव कपूर ने 2002 बुसान एशियन गेम्स में पुरुष व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीता था। हालांकि, प्रणवी एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत गोल्फ में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। इससे पहले अदिति अशोक ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत वर्ग में सिल्वर मेडल जीता था।

टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर
प्रणवी ने व्यक्तिगत गोल्ड के साथ महिला टीम इवेंट में भी भारत को सिल्वर मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई। भारतीय टीम में प्रणवी के साथ अदिति अशोक और दीक्षा डागर शामिल थीं।भारत ने टीम इवेंट में कुल 14-अंडर 546 का स्कोर किया, जबकि चीन ने 22-अंडर 538 के स्कोर के साथ गोल्ड जीता। टीम स्कोर में तीन खिलाड़ियों में से सर्वश्रेष्ठ दो स्कोर को शामिल किया गया। अदिति ने फाइनल राउंड में 67 का स्कोर बनाया, जबकि दीक्षा ने 77 का स्कोर किया। भारत ने चीन के बाद सिल्वर मेडल हासिल किया।

IGU अध्यक्ष ने दी बधाई
इंडियन गोल्फ यूनियन के अध्यक्ष बृजिंदर सिंह ने प्रणवी को बधाई देते हुए कहा कि एशियन गेम्स में गोल्ड जीतना बड़ी उपलब्धि है और यह उनकी प्रतिभा, मेहनत, दृढ़ संकल्प और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। प्रणवी की इस उपलब्धि के साथ एशियन गेम्स में भारत का गोल्फ अभियान भी खास मुकाम पर पहुंचा है। वहीं, इसी दिन 17 वर्षीय कुमकुम मोहोड़ ने महिला व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीतकर भारत के लिए एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की।