ICC Latest Ranking: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को खिलाड़ियों की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार शतक लगाने के बाद, भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा आईसीसी पुरुष टी20आई बल्लेबाजी रैंकिंग में फिर से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं।

मंगलवार को वेलिंगटन में खेले गए तीसरे टी20आई मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने के बाद, इस बाएं हाथ के ओपनर ने अपने साथी खिलाड़ी ईशान किशन को पीछे छोड़ दिया है। ताजा रैंकिंग अपडेट में दक्षिण अफ्रीका के मार्को जानसेन को भी बड़ा फायदा मिला है।

जडेजा का दबदबा खत्म

साउथ अफ्रीका के मार्को जानसेन के टेस्ट ऑलराउंडर रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने से रवींद्र जडेजा का लंबे समय से चला आ रहा दबदबा खत्म हो गया है। इसके अलावा, जानसेन ने ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क को पछाड़कर नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज भी बन गए हैं।

मार्को जानसेन अपने करियर में पहली बार टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचे हैं। गेबेरहा में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनके प्रदर्शन ने इसमें अहम भूमिका निभाई। ऑलराउंडर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली पारी में 85 रन बनाए और 5 विकेट लिए।

इस प्रदर्शन के बाद जानसेन पांच स्थान ऊपर चढ़कर पहले नंबर पर पहुंचे। आपको बता दें कि, जडेजा चार साल से भी अधिक समय तक टेस्ट ऑलराउंडरों की सूची में शीर्ष स्थान पर बने हुए थे।

टेम्बा दूसरे पर पहुंचे

प्रोटियाज टीम के कप्तान टेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 179 रन की बेमिसाल पारी खेली थी, जिसके बाद वह टेस्ट बैटिंग रैंकिंग में चार स्थान की छलांग लगाकर दूसरे स्थान पर पहुंच गए। वहीं, इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक पहले नंबर पर बने हुए हैं। इसके अलावा आईसीसी टेस्ट बॉलिंग रैंकिंग में स्कॉट बोलैंड तीसरे पर पहुंचे तो अफ्रीकी स्पिनर साइमन हार्मर आठवें स्थान पर कब्जा कर लिया है।

संजू-अर्शदीप को हुआ फायदा

आईसीसी की ताजा टी20आई रैंकिंग में अभिषेक शर्मा के अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को भी फायदा हुआ है। टी20आई में छह स्थान ऊपर चढ़कर 20वें स्थान पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के फिन एलन भी तीन स्थान ऊपर चढ़कर 25वें नंबर पर पहुंचे।

गेंदबाजों की बात करें तो, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर सात स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गए हैं, जबकि भारत के अर्शदीप सिंह छह स्थान की छलांग लगाकर 15वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

इस सीरीज अर्शदीप सिंह का प्रदर्शन कमाल का रहा है और इसका फायदा उन्हें ताजा आईसीसी टी20आई रैंकिंग में मिला है। वहीं, ईशान किशन तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

ये भी पढ़ें- पैरा एशियन गेम्स में तीन बार के गोल्ड मेडलिस्ट एथलीट ने की आत्महत्या, डोपिंग टेस्ट के बाद लगा था बैन