T20 World Cup Qualification: नाइजीरिया और युगांडा ने 'सब-रीजनल क्वालीफायर C' में शीर्ष दो स्थानों पर रहकर आईसीसी टी20 विश्व कप 2027 के अफ्रीका रीजनल फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। नाइजीरिया ने अपने घरेलू मैदान पर खेले गए सभी पांचों मैच जीतकर शानदार तरीके से क्वालीफाई किया, जबकि युगांडा चार जीत के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के आखिरी दिन दोनों टीमों के बीच एक रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें नाइजीरिया ने आखिरी गेंद पर अपने प्रतिद्वंद्वी युगांडा को सिर्फ 1 रन से हरा दिया। यह मैच नाइजीरियन क्रिकेट फेडरेशन ओवल नंबर 1 पर खेला गया था। हालांकि, इससे पहले ही दोनों टीमें अगले दौर में अपनी जगह पक्की कर चुकी थीं।
नाइजीरिया ने बनाए थे 148 रन
रोमांचक मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइजीरिया ने 148 रन बनाए, जिसमें आइजैक डानलाडी ने सबसे ज्यादा 47 रन का योगदान दिया। रियाजत अली शाह की 35 गेंदों में खेली गई तूफानी 60 रनों की पारी की बदौलत युगांडा लक्ष्य का पीछा करने की अच्छी स्थिति में दिख रहा था।
आखिरी ओवर में युगांडा को जीत के लिए 6 रनों की जरूरत थी, जिससे मुकाबला पूरी तरह से रोमांचक मोड़ पर आ गया। विंसेंट एडेवोये के चोटिल होने के कारण, जिन्होंने ओवर की शुरुआत की थी, सिल्वेस्टर ओक्पे को बाकी बची गेंदें फेंकने के लिए बुलाया गया और वे टीम के लिए हीरो साबित हुए।
आखिरी गेंद तक गया मैच
मैच आखिरी गेंद तक खिंच गया, जहां युगांडा को जीत के लिए 3 रन और मैच टाई कराने के लिए 2 रनों की जरूरत थी। हालांकि, ओक्पे की ऑफ-स्पिन गेंद पर दूसरा रन लेने की कोशिश में जुमा मियाजी रन आउट हो गए।
इस तरह युगांडा लक्ष्य से 1 रन पीछे रह गया और मेजबान नाइजीरिया ने एक रोमांचक जीत दर्ज की। पुरुष टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नाइजीरिया की युगांडा के खिलाफ यह पहली जीत है। इस ऐतिहासिक नतीजे के बाद, नाइजीरिया के कप्तान चिमा अकाचुकु ने देश के क्रिकेट समुदाय से जुड़े सभी लोगों की सामूहिक मेहनत और लगन की तारीफ की।
हमने पहली बार युगांडा को हराया- कप्तान
युगांडा के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बाद नाइजीरियाई कैप्टन चिमा अकाचुकु काफी खुश नजर आए। मैच के बाद उन्होंने कहा, "हम इस टूर्नामेंट को जीतने से बहुत खुश हैं, खासकर इसलिए क्योंकि हमने पहली बार किसी टी20 इंटरनेशनल मैच में युगांडा को हराया है। इससे पता चलता है कि हमने कितना लंबा सफर तय किया है। लड़कों ने कड़ी मेहनत की है और कोच (स्टीफन मजीवा मांगोंगो) ने हमें अपनी पूरी क्षमता तक पहुंचने के लिए प्रेरित किया है।"
नाइजीरिया की नजर विश्व कप खेलने पर
नाइजीरिया और युगांडा अब तंजानिया, घाना, रवांडा और केन्या के साथ जुड़ गए हैं। ये टीमें महाद्वीप के पहले दो सब-रीजनल क्वालिफायर के जरिए पहले ही क्वालीफाई कर चुकी थीं। इसके साथ ही, आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2028 के रास्ते में आने वाले अफ्रीका रीजनल फाइनल के लिए छह टीमों की लाइन-अप पूरी हो गई है। इस क्वालिफायर की शीर्ष दो टीमें ग्लोबल क्वालिफायर में आगे बढ़ेंगी।
जिम्बाब्वे ने कटाया वर्ल्ड कप का टिकट
अफ्रीका की ही एक अन्य टीम, नामीबिया, जिन्होंने भारत में आयोजित हुए टी20 विश्व कप 2026 में अपनी जगह बनाई थी, को ग्लोबल क्वालिफायर में पहले ही स्थान मिल चुका है। वहीं, जिम्बाब्वे ने इस साल की शुरुआत में हुए टूर्नामेंट में 'सुपर 8' तक पहुंचकर टी20 विश्व कप 2028 के लिए पहले ही क्वालीफाई कर लिया है।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान सीरीज से पहले बड़ा उलटफेर, स्टार खिलाड़ी बाहर, अब ये संभालेगा मोर्चा