टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में 8 विकेट की करारी हार झेलने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स अब शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान पर वापसी की कोशिश करेगी। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक)  में खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के अपने पहले होम मैच में उसका सामना पिछले सीजन की फाइनलिस्ट पंजाब किंग्स से होगा। टीम को इस मैच से पहले अपनी खोई लय वापस हासिल करने की जरूरत है।

पीछले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स रही थी फ्लॉप

राजस्थान के खिलाफ मुकाबले में सीएसके की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और टीम महज 127 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में राजस्थान के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंदों में अर्धशतक जड़कर मैच को एकतरफा बना दिया। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब टीम ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

दोनों टीम के बीच होगी कड़ी टक्कर

पंजाब के लिए कूपर कॉनली ने डेब्यू मैच में ही कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर नाबाद 72 रन बनाए और टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। अब चेपॉक की पिच पर दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।

मैच का समय
यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा।

दोनों टीम का इतिहास

दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 16-16 मैच दोनों ने जीते हैं। कोई भी मुकाबला टाई या बिना नतीजे के नहीं रहा।

  Written By Toshi Shah