मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी में धोखे का शिकार हुई एक युवती ने सच्चाई उजागर होने के बाद आत्महत्या कर ली, मरने से पहले उसने 11 सेकंड का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो अब पुलिस जांच में अहम सबूत बन गया है।
खुद को बताया था सेना का जवान
यह घटना ग्वालियर के पुरानी छावनी क्षेत्र की है। ट्रांसपोर्ट नगर निवासी 26 वर्षीय वैष्णवी की मुलाकात करीब एक साल पहले राजू भदौरिया उर्फ सत्यनारायण नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को सेना का जवान बताकर अपनी असली पहचान छिपाई और धीरे-धीरे युवती के करीब आ गया। दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई।
क्या है पूरा मामला
करीब छह महीने पहले दोनों ने आर्य समाज मंदिर और नोटरी के जरिए विवाह कर लिया। शादी के बाद आरोपी ने वैष्णवी को अपने घर ले जाने के बजाय सिरोल स्थित ईस्ट मैरेडियन टाउनशिप के एक किराए के फ्लैट में रखा, जिससे युवती को संदेह होने लगा। कुछ समय बाद वैष्णवी को पता चला कि उसका पति सेना में नहीं है। इस सच्चाई के बावजूद उसने रिश्ता निभाने की कोशिश की, लेकिन जल्द ही एक और बड़ा खुलासा हुआ—आरोपी पहले से शादीशुदा था। पहले उसने अपने बच्चों की बात छुपाई, लेकिन बाद में यह भी सामने आया कि वह दो बच्चों का पिता है।
साथ में रहने से भी किया इनकार
इन सच्चाइयों ने वैष्णवी को पूरी तरह तोड़ दिया। पति की धोखाधड़ी के चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। 11 फरवरी 2026 को जब वैष्णवी आरोपी के घर पहुंची, तो वहां उसके साथ आरोपी, उसकी पहली पत्नी और बहन द्वारा मारपीट की गई। इस घटना ने उसे मानसिक रूप से गहरा आघात पहुंचाया।
इसके बाद वैष्णवी ने आरोपी से साथ रहने की बात कही, लेकिन उसने साफ मना कर दिया। इस अस्वीकार ने उसे और अधिक मानसिक तनाव में डाल दिया।
युकती ने की आत्महत्या
आखिरकार, आहत होकर वैष्णवी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या कर ली। इससे पहले उसने एक छोटा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए पति और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने इस वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आरोपी पति, उसकी पहली पत्नी और बहन के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है।
Written By Toshi Shah