एक समय था जब किसी रिश्ते का अंत अक्सर तीखी बहस, भावुक बातचीत या स्पष्ट ब्रेकअप के रूप में सामने आता था। लेकिन बदलते दौर में रिश्तों के खत्म होने का तरीका भी बदल गया है। आज कई संबंध ऐसे हैं जो किसी बड़े विवाद के बिना धीरे-धीरे अपनी गर्माहट खो देते हैं। इस स्थिति को "साइलेंट ब्रेकअप" कहा जाता है, जहां कोई व्यक्ति सीधे तौर पर रिश्ता खत्म होने की बात नहीं करता, बल्कि भावनात्मक रूप से दूर होता चला जाता है।
कैसे पहचानें साइलेंट ब्रेकअप?
शुरुआती दौर में इसके संकेत समझ पाना आसान नहीं होता। पहले जहां घंटों बातचीत होती थी, वहीं अब जवाब छोटे और औपचारिक हो जाते हैं। मुलाकातों की संख्या कम होने लगती है और संवाद की जगह केवल औपचारिक संदेश या इमोजी ले लेते हैं। साथी अक्सर व्यस्तता, थकान या निजी समय की जरूरत का हवाला देने लगता है। धीरे-धीरे यह महसूस होने लगता है कि रिश्ते को बनाए रखने की कोशिश केवल एक ही व्यक्ति कर रहा है, जबकि दूसरा सिर्फ नाममात्र की मौजूदगी बनाए हुए है।
इसके पीछे क्या हैं कारण?
विशेषज्ञों के अनुसार, साइलेंट ब्रेकअप की सबसे बड़ी वजह कठिन बातचीत से बचने की प्रवृत्ति है। कई लोग सीधे ब्रेकअप की बात करने से कतराते हैं क्योंकि उन्हें सामने वाले की भावनाओं, सवालों या प्रतिक्रिया का सामना करना मुश्किल लगता है। इसलिए वे धीरे-धीरे दूरी बनाना शुरू कर देते हैं।
वेपनाइज्ड थेरेपी स्पीक का चलन
इसके अलावा, आधुनिक रिश्तों में एक नया चलन भी देखने को मिल रहा है, जिसे "वेपनाइज्ड थेरेपी स्पीक" कहा जाता है। इसमें लोग "मैं अभी भावनात्मक रूप से तैयार नहीं हूं" या "मेरे पास इमोशनल स्पेस नहीं है" जैसे वाक्यों का इस्तेमाल करते हैं। कई बार ये बातें वास्तविक स्थिति को दर्शाती हैं, लेकिन कुछ मामलों में ये जिम्मेदारी से बचने का माध्यम भी बन जाती हैं।
डेटिंग ऐप्स से रिश्ते में अस्थायी
डेटिंग ऐप्स और लगातार नए विकल्पों की उपलब्धता ने भी रिश्तों को पहले की तुलना में अधिक अस्थायी बना दिया है। जब लोगों को हमेशा बेहतर विकल्प की संभावना दिखाई देती है, तो वे मौजूदा रिश्ते में पूरी तरह निवेश करने से बच सकते हैं।
क्या साइलेंट ब्रेकअप देता है ज्यादा तकलीफ?
मनोवैज्ञानिक मानते हैं कि यह अनुभव कई बार सामान्य ब्रेकअप से अधिक दर्दनाक हो सकता है। इसकी वजह यह है कि यहां रिश्ते के खत्म होने की कोई स्पष्ट घोषणा नहीं होती। व्यक्ति लगातार यह समझने की कोशिश करता रहता है कि आखिर बदलाव की वजह क्या है। हर देर से आए संदेश, हर टाली गई मुलाकात और हर बदलते व्यवहार के पीछे अर्थ खोजने की कोशिश मानसिक तनाव बढ़ा सकती है। अक्सर लोग खुद को दोष देने लगते हैं या यह उम्मीद बनाए रखते हैं कि शायद सब कुछ फिर से पहले जैसा हो जाएगा। यही अनिश्चितता भावनात्मक थकान और चिंता को जन्म देती है।
केवल युवाओं की समस्या नहीं
साइलेंट ब्रेकअप का प्रभाव सिर्फ डेटिंग करने वाले युवाओं तक सीमित नहीं है। लंबे समय से शादीशुदा दंपतियों में भी इसका एक रूप देखने को मिलता है, जिसे "क्वाइट डिवोर्स" कहा जाता है। इस स्थिति में पति-पत्नी कानूनी रूप से साथ रहते हैं, लेकिन भावनात्मक रूप से एक-दूसरे से कट चुके होते हैं। विशेष रूप से कई महिलाएं, जो वर्षों तक परिवार और रिश्तों की भावनात्मक जिम्मेदारियां निभाती रहती हैं, एक समय बाद मानसिक रूप से रिश्ते से दूरी बना लेती हैं। बाहरी तौर पर शादी जारी रहती है, लेकिन भावनात्मक जुड़ाव समाप्त हो चुका होता है।
Written By Toshi Shah