UP News: यूपी में हुए एक कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी की थी। जिस पर अब बवाल मचा हुआ है।बताया जा रहा कि जब सीएम मान ने पीएम की आलोचना की थी उस दौरान भाजपा के पूर्व सांसद संजीव बालियान भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने विरोध दर्ज नहीं किया। वहीं अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बालियान से पूछा है कि जब मंच से पीएम के खिलाफ टिप्पणी की जा रही थी, तब उन्होंने विरोध क्यों नहीं किया। हालांकि पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बालियान से जवाब मांगा है।

पीएम की आलोचना पर क्यों चुप रहे संजीव बालियान?

दरअसल, मेरठ में आयोजित एक जाट सम्मेलन में सीएम भगवंत मान ने महंगाई समेत कई मुद्दों पर केंद्र सरकार की आलोचना की थी। मान ने निशाना साधते हुए कहा कि सरकार तो भारत को 'विश्वगुरु' बनाने की बात करती है, लेकिन प्रधानमंत्री ने देश को 'विश्व चेला' बना दिया है। इस बयान से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गया। सूत्रों के मुताबिक जब मान ने पीएम पर टिप्पणी की, उस वक्त संजीव बालियान भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने विरोध नहीं जताया। इस बात से पार्टी नेतृत्व नाराज बताया जा रहा है। संजीव बालियान से जवाब मांगा जा रहा कि उन्होंने कोई कदम क्यों नहीं उठाया।

संजीव बालियान ने सभी आरोपों को किया खारिज

वहीं इस मामले पर संजीव बालियान का बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मंच से ही 2 बार भगवंत मान की टिप्पणी का विरोध किया था। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्यक्रम गैर-राजनीतिक था और इसमें सभी दलों के नेता मौजूद थे, इस तरह की राजनीतिक बयानबाजी नहीं होनी चाहिए थी। उनके अनुसार, उनके विरोध के बाद आयोजकों ने भगवंत मान को कार्यक्रम के उद्घाटन में शामिल नहीं होने दिया। फिलहाल, इस मामले को लेकर भाजपा के अंदर चर्चा तेज है। पार्टी नेतृत्व ने यह साफ कर दिया है कि उसके नेता सार्वजनिक मंचों पर इस तरह के मामलों में कैसे प्रतिक्रिया दें, खासकर जब प्रधानमंत्री से जुड़ा मुद्दा हो।

Writen By: Geeta Sharma