Eye Care Tips:  गर्मियों का मौसम सिर्फ त्वचा ही नहीं बल्कि आंखों के आसपास की नाजुक स्किन को भी प्रभावित करता है। इस दौरान कई लोगों को आंखों के नीचे सूजन और डार्क सर्कल की समस्या बढ़ती हुई दिखाई देती है। अक्सर लोग इसे केवल नींद की कमी का परिणाम मानते हैं, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इसके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं।

'पेरिऑर्बिटल पफीनेस' का मतलब क्या है?

आंखों के आसपास की त्वचा शरीर के अन्य हिस्सों की तुलना में अधिक पतली और संवेदनशील होती है। गर्मियों में अत्यधिक पसीना निकलने के कारण शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन हो सकता है। इसके अलावा तेज धूप, प्रदूषण, अधिक नमक वाला भोजन, पर्याप्त नींद न लेना और लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप स्क्रीन का इस्तेमाल करना भी आंखों के नीचे सूजन बढ़ाने में योगदान देता है। इस स्थिति को मेडिकल की भाषा 'पेरिऑर्बिटल पफीनेस' कहा जाता है, जिसमें आंखों के आसपास के ऊतकों में तरल पदार्थ जमा हो जाता है।

डार्क सर्कल के विकसित होने के कारण

डार्क सर्कल भी कई कारणों से विकसित हो सकते हैं। नींद की कमी, तनाव, डिहाइड्रेशन और थकान इसके प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा लंबे समय तक धूप के संपर्क में रहने से आंखों के नीचे पिगमेंटेशन बढ़ सकता है, जिससे काले घेरे अधिक गहरे दिखाई देते हैं। शरीर में पानी की कमी होने पर त्वचा बेजान और धंसी हुई लगने लगती है, जिससे डार्क सर्कल और स्पष्ट नजर आते हैं।

ठंडे खीरे से डार्क सर्कल कम होते है

इस समस्या से बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। आंखों पर 10 से 15 मिनट तक ठंडी सिकाई करने से सूजन कम करने में मदद मिलती है। ठंडे खीरे के स्लाइस, जेल आई मास्क या ठंडे टी बैग्स का इस्तेमाल लाभदायक हो सकता है। ग्रीन टी और ब्लैक टी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और कैफीन भी अस्थायी रूप से सूजन कम करने में सहायक होते हैं।

शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी

साथ ही शरीर को पर्याप्त रूप से हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और खीरा, तरबूज तथा संतरा जैसे पानी से भरपूर फलों का सेवन करें। नमक का सेवन सीमित रखें क्योंकि अधिक नमक शरीर में पानी रोकता है, जिससे सूजन बढ़ सकती है। रोजाना 7 से 8 घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद लेने से भी डार्क सर्कल और पफीनेस कम करने में मदद मिलती है। बाहर निकलते समय UV प्रोटेक्शन वाले सनग्लासेस और सनस्क्रीन का उपयोग करना भी जरूरी है।

समस्या ज्यादा हो तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें

यदि आंखों की सूजन लंबे समय तक बनी रहे, दर्द, लालिमा या खुजली जैसी समस्याएं दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए क्योंकि यह किसी एलर्जी, संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है।

Disclaimer: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

Written By: Geeta Sharma