आज के डिजिटल समय में रिश्तों की परिभाषा काफी बदलती दिख रही है। जो रिश्ता कभी लंबे मैसेज, घंटों की बातचीत और लगातार जुड़े रहने से भरा होता था, वही धीरे-धीरे सिर्फ औपचारिक जवाबों और जरूरी बातचीत तक सीमित होता जा रहा है। इसी बदलाव के बीच एक शब्द तेजी से सामने आया है “लो एफर्ट लव” यानी कम प्रयास वाला रिश्ता।

लो एफर्ट लव क्या होता है?

लो एफर्ट लव का मतलब सिर्फ व्यस्त होना या भूल जाना नहीं है। यह वह स्थिति है जिसमें कोई एक साथी रिश्ते को बनाए रखने के लिए बहुत कम समय, ध्यान और भावनात्मक ऊर्जा देता है। शुरुआत में सब ठीक लगता है, लेकिन समय के साथ जुड़ाव फीका पड़ने लगता है। बातचीत कम हो जाती है, मिलने की इच्छा घटती है और रिश्ता सिर्फ औपचारिकता जैसा महसूस होने लगता है।

इसके पीछे कारण क्या हैं?

आज की डेटिंग संस्कृति और सोशल मीडिया इसका बड़ा कारण माने जाते हैं। नए लोगों से जुड़ना अब बहुत आसान हो गया है, जिससे रिश्तों को लेकर धैर्य और गहराई दोनों कम होते जा रहे हैं। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर दिखने वाले “परफेक्ट रिलेशनशिप” भी लोगों की उम्मीदों को बदल देते हैं। कई बार असली रिश्तों में मेहनत करने के बजाय लोग सुविधाजनक और आसान विकल्पों की तरफ झुकने लगते हैं। एक और अहम कारण है भावनात्मक खुलापन कम होना। बहुत से लोग अपने मन की बात खुलकर नहीं कह पाते, क्योंकि उन्हें डर होता है कि कहीं वे ज्यादा जुड़ न जाएं या सामने वाला उन्हें गलत न समझ ले। इसी वजह से भावनाएं अंदर ही अंदर दबती जाती हैं।

ऐसे रिश्तों के संकेत

लो एफर्ट लव में कुछ संकेत धीरे-धीरे साफ दिखने लगते हैं। जैसे हमेशा एक ही व्यक्ति बातचीत शुरू करे, मिलने या मिलने का प्लान बनाने की जिम्मेदारी भी एक ही पर आ जाए, या फिर झगड़े के बाद रिश्ते को संभालने की कोशिश सिर्फ एक तरफ से हो। समय के साथ बातचीत सिर्फ रोजमर्रा की बातों तक सिमट जाती है। भावनाएं, सपने, भविष्य की योजनाएं और दिल की बातें लगभग खत्म हो जाती हैं। रिश्ता होते हुए भी एक भावनात्मक दूरी महसूस होने लगती है।

क्या यह दूरी सामान्य होती जा रही है?

सबसे चिंता की बात यह है कि कई लोग इस दूरी को धीरे-धीरे “नॉर्मल” मान लेते हैं। वे समझौता करते रहते हैं और महसूस भी नहीं करते कि वे भावनात्मक रूप से उपेक्षित हो रहे हैं। लंबे समय तक ऐसे रिश्तों में रहने से आत्मविश्वास कम हो सकता है, और व्यक्ति खुद को लगातार कमतर महसूस करने लगता है। इससे मानसिक थकान, अकेलापन और अंदरूनी नाराजगी भी बढ़ सकती है।

इससे बाहर कैसे निकलें?

इस स्थिति से निकलना मुश्किल नहीं है, लेकिन इसके लिए लगातार छोटे प्रयास जरूरी होते हैं। बड़े इशारों से ज्यादा असर रोजमर्रा की छोटी चीजों का होता है, जैसे एक-दूसरे की बात ध्यान से सुनना, समय निकालना, छोटी बातें याद रखना और भावनात्मक रूप से साथ देना। रिश्तों को मजबूत बनाए रखने के लिए दिखावे से ज्यादा सच्ची मौजूदगी और नियमित प्रयास सबसे जरूरी होते हैं।

Written By Toshi Shah