Akshay Kumar On Dhurandhar: अक्षय कुमार इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'भूत बंगला' को लेकर चर्चा में हैं, लेकिन इसी बीच उन्होंने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 पर चल रहे विवाद पर खुलकर अपनी राय रखी है। जहां एक तरफ धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इसे लेकर 'प्रोपेगैंडा फिल्म' होने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
'धुरंधर' पर क्या बोले अक्षय कुमार?
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने इस मुद्दे पर दो टूक जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'प्रोपेगैंडा फिल्म क्या होता है? मुझे तो समझ ही नहीं आता। फिल्म अच्छी है तो अच्छी है। मैंने 'धुरंधर' देखी है और मुझे वो बहुत पसंद आई। लोग कुछ भी कहें, मेरे लिए फिल्म की क्वालिटी ज्यादा मायने रखती है।'
'कंटेंट के आधार पर किसी फिल्म को जज करना चाहिए'
अक्षय का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बॉलीवुड में कई फिल्मों को लेकर 'प्रोपेगैंडा' का टैग लगने की बहस तेज हो गई है। धुरंधर और धुरंधर 2 भी इसी बहस का हिस्सा बन चुकी हैं। हालांकि अक्षय का मानना है कि दर्शकों को फिल्म को उसके कंटेंट के आधार पर जज करना चाहिए, न कि किसी टैग के आधार पर।
साल में चार फिल्में क्यों करता हूं: अक्षय कुमार
इंटरव्यू के दौरान अक्षय कुमार ने अपने काम करने के तरीके पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें साल में कई फिल्में करने पर अक्सर सवाल किए जाते हैं, लेकिन वे इसे लेकर बिल्कुल स्पष्ट हैं। 'लोग पूछते हैं कि मैं साल में चार फिल्में क्यों करता हूं, लेकिन मुझे समझ नहीं आता इसमें दिक्कत क्या है। मैं अपने काम में व्यस्त रहना पसंद करता हूं और खुद को सुरक्षित महसूस करता हूं,' उन्होंने कहा।
भूत बंगला इस दिन होगा रिलीज
गौरतलब है कि अक्षय कुमार की फिल्म भूत बंगला पहले 10 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन धुरंधर 2 की जबरदस्त चर्चा के चलते इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ाने की खबरें हैं। अब माना जा रहा है कि यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में आ सकती है। इस पूरे मामले में अक्षय का संतुलित और स्पष्ट नजरिया एक बार फिर उनकी प्रोफेशनल सोच को दर्शाता है।
Writen By: Geeta Sharma