Iran War:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इजरायल दौरे और उसके बाद ईरान पर हुए हमले को लेकर उठे सवालों पर केंद्र सरकार ने आधिकारिक तौर पर स्थिति स्पष्ट कर दी है। विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने साफ कहा है कि इजरायल द्वारा ईरान पर की गई सैन्य कार्रवाई के बारे में भारत को पहले से कोई जानकारी नहीं थी और इस विषय पर दोनों देशों के बीच कोई पूर्व चर्चा भी नहीं हुई थी।

इजरायल दौरे से दोनों देशों के बीच मजबूत होंगे संबंध

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 25 और 26 फरवरी को इजरायल का दो दिवसीय दौरा किया था। यह उनका इजरायल का दूसरा दौरा था, जबकि पहला दौरा जुलाई 2017 में हुआ था, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला आधिकारिक इजरायल दौरा था। इस बार के दौरे में भारत और इजरायल के बीच कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर सुरक्षा, शिक्षा और तकनीक समेत 16 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, जिससे दोनों देशों के संबंधों को नई मजबूती मिली।

क्या पीएम को पता था ईरान हमले के बारे में?

हालांकि, इस दौरे के कुछ ही दिनों बाद 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान पर संयुक्त हमला किए जाने की खबर सामने आई। इसके बाद देश में यह सवाल उठने लगे कि क्या भारत को इस कार्रवाई की पहले से जानकारी थी। अब सरकार के बयान के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि भारत इस सैन्य कार्रवाई से पहले अवगत नहीं था।

ईरान अटैक से अंतरराष्ट्रीय राजनीति में आएगी अस्थिरता

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम में अमेरिका को अपने पारंपरिक सहयोगियों का पूरा समर्थन नहीं मिल रहा है। ब्रिटेन, फ्रांस और स्पेन जैसे कई देशों ने खुलकर साथ देने से इनकार कर दिया है। इस पर नाराजगी जताते हुए ट्रंप ने नाटो से बाहर निकलने तक की बात कह दी है, जिससे अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अस्थिरता और बढ़ने की आशंका है।

Writen By: Geeta Sharma