Welcome To The Jungle Collection: अक्षय कुमार स्टारर 'वेलकम टू द जंगल' बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। फिल्म को रिलीज के बाद से दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है, जिसका असर इसकी कमाई पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के तीसरे दिन दोपहर 2 बजे तक 6.74 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। उम्मीद की जा रही है कि दिन खत्म होने तक फिल्म की कमाई में और इजाफा होगा।
फिल्म ने पहले 2 दिनों में किया दमदार प्रदर्शन
फिल्म ने पहले 2 दिनों में भी दमदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन इसने करीब 20 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि दो दिनों में फिल्म का नेट कलेक्शन 39 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 46.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। शुरुआती आंकड़े बताते हैं कि दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर लोगों दे रहे फिल्म का रिव्यू
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी फिल्म को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक यूजर ने पोस्ट करते हुए लिखा, मैंने अभी-अभी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' देखी। क्या शानदार फिल्म है, मुझे बहुत पसंद आई। ऐसे कई रिव्यू फिल्म के पक्ष में माहौल बना रहे हैं, जिससे आने वाले दिनों में इसकी कमाई और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
अहमद खान ने किया है फिल्म का निर्देशन
फिल्म का निर्देशन अहमद खान ने किया है, जिन्होंने इसे बड़े पैमाने पर तैयार किया है। फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी मल्टीस्टार कास्ट है। इसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, रवीना टंडन, दिशा पाटनी और जैकलीन फर्नांडिस समेत करीब 30 कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कॉमेडी, एक्शन और मनोरंजन का भरपूर मिश्रण दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल होता दिखाई दे रहा है।
फिल्म को मिल रही दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया
फिल्म को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। खास तौर पर इसकी कॉमिक टाइमिंग, बड़े स्टारकास्ट और मनोरंजक कहानी की सराहना की जा रही है। यदि यही रफ्तार बनी रही तो फिल्म पहले सप्ताह में शानदार कलेक्शन दर्ज कर सकती है और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल करने की ओर बढ़ सकती है। फिलहाल, 'वेलकम टू द जंगल' दर्शकों के मनोरंजन की पहली पसंद बनती नजर आ रही है और ट्रेड एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में और तेजी देखने को मिलेगी।
Written By: Geeta Sharma