अप्रैल की शुरुआत के साथ ही मौसम ने अप्रत्याशित रूप से करवट ले ली है। जहां आमतौर पर इस समय गर्मी धीरे-धीरे बढ़ती है, वहीं इस बार तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश ने लोगों को चौंका दिया है। दिन में धूप और शाम को आंधी-बारिश का सिलसिला कई शहरों में देखने को मिल रहा है। दिल्ली, पटना, लखनऊ, जयपुर, भोपाल और रायपुर समेत कई इलाकों में मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यह स्थिति बनी है और आने वाले दिनों में इसके और तेज होने की संभावना है।

60 से 70 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से चलेगी हवा

2 से 5 अप्रैल के बीच मौसम का प्रभाव चरम पर रहेगा, खासकर 3 और 4 अप्रैल को तेज हवाएं, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ सकती हैं। हवा की रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और फसलों को नुकसान का खतरा है। किसानों के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है, क्योंकि ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है।

जानिए दिल्ली के मौसम के बारे में

दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है। तापमान में हल्की गिरावट आएगी, जिससे गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन धूल और प्रदूषण से सांस के मरीजों को परेशानी हो सकती है। बिहार और उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं और बारिश का असर ज्यादा देखने को मिलेगा, वहीं पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ ठंड बढ़ेगी और भूस्खलन का खतरा भी रहेगा।

जानिए इन राज्यों के हाल

राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात में भी आंधी-बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में पहले से ही बारिश का असर दिख रहा है, जहां जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियां बन सकती हैं। कुल मिलाकर, यह मौसम जहां गर्मी से राहत देगा, वहीं अचानक बदलाव के कारण जनजीवन और यात्रा पर असर डाल सकता है। इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

दक्षिण भारत का जान लीजिए हाल

दक्षिण भारत के राज्यों जैसे तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में भी मौसम सक्रिय रहेगा। 5 अप्रैल तक कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

नॉर्थ ईस्ट का मौसम

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे असम, सिक्किम, नागालैंड और त्रिपुरा में पहले ही भारी बारिश दर्ज की जा चुकी है. आने वाले दिनों में भी यहां मौसम खराब बना रह सकता है। लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है और कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

    Written By Toshi Shah