मंगलवार, 31 मार्च 2026 को देशभर में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के चलते तेज हवाएं और बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिम और दक्षिण भारत में गर्मी और उमस का असर रहेगा।

दिल्ली-NCR का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज हल्के बादल छाए रहेंगे। मौसम कुछ ठंडा महसूस होगा और कहीं-कहीं बूंदाबांदी या गरज-चमक भी हो सकती है। तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने से गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। IMD ने कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
नोएडा में सोमवार को अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम 15°C दर्ज हुआ। मंगलवार को 28°C तक गिरने की संभावना है।

राजस्थान और गुजरात में मौसम का हाल
राजस्थान में ज्यादातर इलाकों में गर्म हवाएं चलेंगी, लेकिन कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
गुजरात में भी गर्मी का असर रहेगा, तापमान 37-39°C तक पहुंच सकता है। उत्तरी और कच्छी हिस्सों में हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

पहाड़ी राज्य में तेज हवा चलने की संभावना
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा एक्टिव रहेगा। कई इलाकों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी या ओलावृष्टि होगी।

मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और बाहर जाते समय अपडेटेड अलर्ट देखने की सलाह दी है।

Written by: Anushka sagar