पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस सप्ताह दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेंगे, जिससे बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बढ़ गई है। IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 3, 4 और 7 अप्रैल को इनका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। खास तौर पर 3 और 4 अप्रैल को उत्तर भारत के कई इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि कश्मीर घाटी में भारी बारिश के आसार हैं।

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई जगहों पर 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अप्रैल को आंधी और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मध्य भारत में ऐसे रहेगे मौसम

मध्य भारत के राज्यों में भी 6 अप्रैल तक मौसम अस्थिर रह सकता है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। पूर्वी भारत में भी मौसम का असर दिखाई देगा। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में भी हो सकती है हल्की बारिश

दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। वहीं महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ इलाकों में भी गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD के मुताबिक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। आज दोपहर तक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि शाम के समय हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ करीब 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 4 और 5 अप्रैल को भी गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और 40–50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

उत्तर प्रदेश में सुबह से ही तेज हवाएं चल रही हैं। 4 और 5 अप्रैल को कई हिस्सों में आंधी-तूफान, बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। इस दौरान 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है, खासकर पश्चिमी और पूर्वी क्षेत्रों में।

राजस्थान का मौसम

जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में एक मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय है। 4 अप्रैल तक कई इलाकों में गरज के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। 5 अप्रैल से इसका असर कम होने लगेगा और मौसम साफ होने की संभावना है।

बिहार का मौसम

बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान आंधी-बारिश के साथ तेज हवाएं (करीब 70 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है। कुछ जगहों पर बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

तमिलनाडु का मौसम

तमिलनाडु में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पूरे राज्य में धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना है।

 Written By Toshi Shah