मार्च खत्म होने वाला है, लेकिन मौसम का मिजाज अभी भी बदला हुआ है और बारिश का सिलसिला जारी है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं पहाड़ी इलाकों में भी मौसम अचानक करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों के लिए भी येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली का आज का मौसम
दिल्ली में आज मौसम सुहावना बना रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 से 22 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 31 मार्च को भी बारिश के आसार हैं। वहीं 1 से 4 अप्रैल के बीच मौसम लगातार बदलता रहेगा और इस दौरान फिर से बारिश हो सकती है। तापमान लगभग 32 डिग्री अधिकतम और 22 डिग्री न्यूनतम के आसपास रहेगा।
पंजाब और हरियाणा के मौसम के स्थिति
दिल्ली के पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का असर साफ दिखाई देगा। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। 1 और 2 अप्रैल को मौसम साफ रह सकता है, लेकिन 3 और 4 अप्रैल को फिर से बारिश और तेज हवाओं का दौर लौट सकता है।
पहाड़ी क्षेत्रों का हाल
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 3 और 4 अप्रैल को भी येलो अलर्ट रहेगा। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में आज भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी दी गई है, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट लागू है। 2 और 3 अप्रैल को भी इन क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है।
राजस्थान और उत्तर प्रदेश का अपडेट
राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 30 और 31 मार्च को बारिश और गरज-चमक का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अप्रैल के पहले सप्ताह में पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर प्रदेश में भी आज कई जगहों पर बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है, हालांकि कुछ इलाकों में गर्मी का असर भी बना हुआ है। 3 अप्रैल को भी बारिश की संभावना जताई गई है।
Written By Toshi Shah