दिग्गज अभिनेता भरत कपूर का 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने सोमवार दोपहर कार्डियक अरेस्ट के कारण अंतिम सांस ली। वे 'हिंदुस्तान की कसम', 'सोने पे सुहागा' और 'बलिदान' जैसी फिल्मों में अपने सपोर्टिंग रोल के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की पुष्टि उनके दोस्त और अभिनेता अवतार गिल ने की। इस खबर के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

इंडस्ट्री में शोक की लहर

अवतार गिल ने भावुक होकर बताया कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे भरत कपूर का अंतिम संस्कार किया गया, जबकि उनका निधन दोपहर करीब 3 बजे हो गया था। पिछले तीन दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और इस दौरान उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल को उनकी प्रेयर मीट रखी जाएगी। उनके निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई। फैंस और लोग उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना कर रहे हैं।

फिल्मों और टीवी में लंबा करियर

भरत कपूर ने अपने करियर की शुरुआत 1972 में की थी। उन्होंने करीब 4 दशक तक हिंदी फिल्मों में काम किया और 'बरसात', 'राम बलराम', 'आखिरी रास्ता', 'नूरी', 'इंकार', 'लव स्टोरी', 'बाजार', 'गुलामी', 'सत्यमेव जयते', 'स्वर्ग', 'खुदा गवाह', 'साजन चले ससुराल' और 'रंग' जैसी कई फिल्मों में खासकर नकारात्मक भूमिकाएं निभाईं।

फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने टीवी इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बनाई। 'तारा', 'चुनौती और कहानी', 'सांस', 'चंद्रकांता', 'परंपरा', 'कैंपस', 'अमानत' और 'भाग्यविधाता' जैसे कई लोकप्रिय टीवी शोज में भी उन्होंने काम किया।

Written By: Namita Verma