UP Ram Navami Holiday: रामनवमी पर यूपी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। रामनवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 26 मार्च के साथ-साथ 27 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। इसका मतलब प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों, कई शिक्षण संस्थानों और सरकारी सेवाओं में दोनों दिन अवकाश रहेगा।

धार्मिक कार्यक्रमों के चलते सरकार ने की अवकाश की घोषणा

सरकार के इस फैसले के पीछे रामनवमी के दौरान मंदिरों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और धार्मिक कार्यक्रम मुख्य कारण है। खासतौर पर अयोध्या में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ता है, जहां भगवान श्रीराम की जन्मस्थली होने के कारण विशेष आयोजन किए जाते हैं। इसके अलावा वाराणसी, मथुरा और अन्य धार्मिक शहरों में भी शोभायात्राएं, भजन-कीर्तन और पूजा-अर्चना का भव्य आयोजन होता है।

मंदिरों में किए जाएंगे कड़ी सुरक्षा

इससे प्रशासन को भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए बेहतर तैयारी का समय मिलेगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। वहीं प्रमुख मंदिरों में साफ-सफाई, सजावट और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

रामनवमी पर अर्पित किया जाएगा श्रीराम को विशेष भोग

रामनवमी के अवसर पर अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की ओर से भगवान श्रीराम को विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। पूरे प्रदेश में इस पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है और श्रद्धालु बड़े ही श्रद्धा भाव से इस महापर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

 Writen By: Geeta Sharma