Weather Updates: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के मौसम को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है।बता दें कि इसके अनुसार उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक के साथ बौछारें और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, कुछ क्षेत्रों में तापमान बढ़ने की भी संभावना जताई गई है।

दिल्‍ली में बारिश, हिमाचल-उत्‍तराखंड में बर्फबारी... मार्च में क्‍यों बिगड़  रहा मौसम? पढ़ लें IMD का अलर्ट | Rain in Delhi snowfall in Himachal and  Uttarakhand Why Weather ...

IMD के अनुसार, आने वाले दो दिनों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली कड़कने और लगभग 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसका असर आगे बढ़ते हुए पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक देखने को मिलेगा। वहीं, सप्ताह के अंत तक मैदानी इलाकों में करीब 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी बिजली कड़कने के साथ रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।

गर्मी और उमस का असर

गर्मी और उमस का असर भी कई इलाकों में महसूस किया जाएगा। छत्तीसगढ़, विदर्भ और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन तटीय महाराष्ट्र और केरल में गर्मी के साथ तेज उमस लोगों को परेशान कर सकती है। वहीं, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान पहले बढ़ेगा और फिर स्थिर हो जाएगा। इसके अलावा, उत्तर-पश्चिम और पूर्वी क्षेत्रों में शुरुआती बढ़त के बाद तापमान में हल्की गिरावट आने की भी उम्मीद है।

दिल्ली का मौसम

आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आसमान आमतौर पर बादलों से ढका रह सकता है। IMD के मुताबिक, दिन के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है, साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं। फिलहाल दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक बना रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में इसके मौसम के औसत स्तर के करीब पहुंचने की उम्मीद है।

Written By - Namita Verma