पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के कई हिस्सों में मौसम बदला हुआ है। कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के अनुसार 24 मार्च तक पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। IMD ने कुल 19 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है, जहां 30 से 85 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

इन राज्यों में हो सकती हैं बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ इलाकों में भारी वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 23 मार्च को गरज-चमक के साथ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

उत्तर-पूर्वी राज्यों अगले पांच दिन तक हो सकती है बारिश

उत्तर-पूर्वी राज्यों में अगले पांच दिनों तक बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं जारी रह सकती हैं। इसके अलावा मध्य भारत और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

कब लौटेगी गर्मी?

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं पूर्वी भारत में पहले तापमान में गिरावट और फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

दिल्ली का मौसम

दिल्ली में अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन ठंडी हवाओं का असर अभी भी जारी है। यह स्थिति पिछले छह वर्षों में मार्च के सबसे ठंडे दिन के बाद देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। वहीं सोमवार को हल्की बारिश, गरज और बिजली गिरने की आशंका है।

राजस्थान का मौसम

कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से जोधपुर, बीकानेर और शेखावाटी सहित पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक होने की संभावना जताई गई है।

 Written By Toshi Shah