हर हफ्ते ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दर्शकों के लिए नई फिल्में और वेब सीरीज आती रहती हैं। नेटफ्लिक्स पर भी अलग-अलग भाषाओं और देशों की कई नई कहानियां रिलीज होती हैं, जिनमें बॉलीवुड, हॉलीवुड के साथ-साथ कोरियन और थाई कंटेंट भी शामिल है। अगर आप इस वीकेंड कुछ नया देखने का प्लान बना रहे हैं, तो नेटफ्लिक्स पर हाल ही में रिलीज हुए ये शो और फिल्में आपके लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
लॉक अप 2
नेटफ्लिक्स पर 26 जून से शुरू हुआ रियलिटी शो 'लॉक अप 2' लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो में कंटेस्टेंट्स के बीच होने वाले विवाद, रणनीतियां, दोस्ती और मुकाबले दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। अब तक इसके 23 एपिसोड रिलीज हो चुके हैं। शो को फराह खान और रितेश देशमुख की होस्टिंग भी खास बना रही है। इस सीजन में चार कंटेस्टेंट्स शो से बाहर हो चुके हैं, जबकि 13 प्रतिभागी अभी भी मुकाबले में बने हुए हैं।

मुसाफिर कैफे
लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास पर आधारित फिल्म 'मुसाफिर कैफे' 24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। फिल्म की कहानी सुधा और चंदर के रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शादी के बिना साथ रहने का फैसला करते हैं। समय के साथ दोनों अलग हो जाते हैं, लेकिन उनका प्यार उन्हें फिर करीब ले आता है। रुचिर अरुण के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
कॉन सिटी
तमिल क्राइम-कॉमेडी फिल्म 'कॉन सिटी' अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। यह फिल्म 26 जून को थिएटर में रिलीज हुई थी। हरीश दुरैराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अर्जुन दास, अन्ना बेन, योगी बाबू और अखिलन जैसे कलाकार शामिल हैं। कहानी एक ऐसे परिवार की है, जो अपने पुराने अतीत से दूर जाना चाहता है। लेकिन बेटे के अपहरण के बाद परिवार से जुड़े कई छिपे हुए राज सामने आने लगते हैं।
एलीट फोर्स
22 जुलाई को रिलीज हुई वेब सीरीज 'एलीट फोर्स' फ्रांस की स्पेशल पुलिस यूनिट GIGN पर आधारित है। जूलियन लेक्लर्क के निर्देशन में बनी इस सीरीज में एक रिटायरमेंट की तैयारी कर रहे पुलिस अधिकारी की कहानी दिखाई गई है। यूनिट पर हुए हमले में उसके दोस्त की मौत हो जाती है, जिसके बाद वह अपने दोस्त के बेटे और गॉडसन को बचाने के लिए एक खतरनाक मिशन पर निकलता है। छह एपिसोड वाली इस सीरीज में टोमर सिसली, ट्रिसटन जांची और गिलाउम गुईक्स जैसे कलाकार हैं।

स्पूकी इन लव
कोरियन ड्रामा पसंद करने वालों के लिए 'स्पूकी इन लव' एक दिलचस्प विकल्प हो सकता है। 18 जुलाई को रिलीज हुई इस सीरीज में 12 एपिसोड हैं। यह एक सुपरनैचुरल रोमांटिक कॉमेडी है, जिसमें एक अमीर व्यक्ति बचपन से ही भूतों को देख सकता है। उसकी मुलाकात एक डरपोक प्रॉसिक्यूटर से होती है और दोनों मिलकर कई रहस्यों को सुलझाने की कोशिश करते हैं। इसी दौरान उनके बीच प्यार की शुरुआत भी होती है।
72 हॉर्स
केविन हार्ट स्टारर फिल्म '72 हॉर्स' 24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। यह एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन टीम स्टोरी ने किया है। कहानी एक 40 वर्षीय एडवरटाइजिंग एग्जीक्यूटिव की है, जो अचानक खुद को कम उम्र के लड़कों के ग्रुप का हिस्सा पाता है। इसके बाद वह एक बैचलर पार्टी में शामिल होता है, जहां हालात उसके लिए मुश्किल हो जाते हैं। फिल्म में केविन हार्ट के अलावा मेसन गुडिंग, टेयाना टेलर और ब्रेन मार्शल भी नजर आते हैं।

द डेब्ट कलेक्टर
थाई फिल्म 'द डेब्ट कलेक्टर' 23 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। सुरपोंग प्लोएंसांग के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक्शन और क्राइम से भरपूर है। इसकी कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जो लोगों से कर्ज वसूलने का काम करता है। जेल से बाहर आने के बाद उसे अपने पुराने जीवन और बीमारी से संघर्ष करना पड़ता है। हालांकि आखिरी दौर में वह दूसरों की मदद और सुरक्षा के लिए खड़ा नजर आता है। थाई फिल्मों के प्रशंसकों के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकती है।

Written By Toshi Shah