PM Modi in Kerlam: केरल के पलक्कड़ में आयोजित एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने राज्य की राजनीति और विकास को लेकर बड़ा बयान दिया। केरल के अपने दौरे के दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव की लहर स्पष्ट दिखाई दे रही है और जनता अब नई दिशा चाहती है। उन्होंने रैली में मौजूद लोगों के उत्साह को इस बदलाव का संकेत बताया।

'केरल का मूड अब 'मोमेंट' में बदल चुका है'

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें केरल में नई और अलग ऊर्जा महसूस हो रही है। पलक्कड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य के युवा, महिलाएं और किसान अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एनडीए के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दिखाती है कि केरल का मूड अब 'मोमेंट' में बदल चुका है।

'कांग्रेस सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करती है'

अपने भाषण में पीएम मोदी ने राज्य की प्रमुख राजनीतिक गठबंधनों एलडीएफ (LDF) और यूडीएफ (UDF) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल दशकों से दो स्वार्थी राजनीतिक मुखौटों के बीच फंसा हुआ है। उनके अनुसार, एक तरफ कम्युनिस्ट और दूसरी ओर कांग्रेस, दोनों ही वोट बैंक की राजनीति में लगे हुए हैं और राज्य के विकास की अनदेखी करते रहे हैं।

एलडीएफ और यूडीएफ दोनों गठबंधन भ्रष्टाचार में लिप्त हैं: पीएम

प्रधानमंत्री ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ की नीतियां केवल राजनीतिक लाभ के लिए बनाई जाती हैं और जनता के हितों की उपेक्षा करती हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दोनों गठबंधन भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं, लेकिन कभी एक-दूसरे के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं करते।

भाजपा की सत्ता में आते ही भ्रष्टाचार मुक्त होगा केरल: पीएम

पीएम मोदी ने दावा किया कि यदि केरल में बीजेपी-एनडीए की सरकार बनती है, तो पिछले सभी घोटालों की गहन जांच कराई जाएगी और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी डर के कारण दोनों गठबंधन बीजेपी को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल के दिनों में कांग्रेस और कम्युनिस्ट एक-दूसरे पर बीजेपी की 'बी टीम' होने का आरोप लगा रहे हैं। पीएम मोदी के अनुसार, यह दर्शाता है कि दोनों ही अप्रत्यक्ष रूप से बीजेपी की बढ़ती ताकत को स्वीकार कर रहे हैं। अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि बीजेपी-एनडीए सरकार 'विकसित केरल' का निर्माण करेगी। उन्होंने कहा, 'जो अब तक नहीं बदला, वह अब बदलेगा' और राज्य में तेज विकास का वादा किया।

 Writen By: Geeta Sharma