उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मड़ियांव से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। इस घटना ने रिश्तों और भरोसे दोनों को झकझोर कर रख दिया है। बता दें कि 17 साल की एक नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध परिस्थितियों में गोमती नदी के किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर रेप और हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है और शक के आधार पर मृतका के मौसा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
दवा के बहाने भांजी को किया अगवा
जानकारी के मुताबिक बीते बुधवार रात लड़की अपने मौसा के साथ घर से निकली थी, बताया जा रहा है कि मौसा ने कमर दर्द का बहाना बनाकर दवा लेने जाने की बात कही और भांजी को अपने साथ ले गया, उसके बाद मौसा करीब आधे घंटे बाद लड़की के भाई को फोन कर दावा किया कि कुछ अज्ञात लोग कार में उसकी बहन को जबरन बैठाकर ले जा रहे हैं और वह उनका पीछा कर रहा है।
नदी के किनारे मिले लड़की के अंडरगारमेंट्स
परिवार को जब यह सूचना मिली तो हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंच गए, जहां लड़की का मौसा बेहोशी की हालत में मिला। वहीं कुछ दूरी पर गोमती नदी के किनारे लड़की के कपड़े और अंडरगारमेंट्स पड़े मिले। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
नदी में मिला लड़की का नग्न शव
जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और SDRF की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, देर रात तक तलाश जारी रही, गुरुवार सुबह पिपरिया पुल के पास नदी से लड़की का शव बरामद हुआ।
झूठे बयान से आरोपी बहकाता रहा
पुलिस के जांच के दौरान मौसा के बयान में कई विरोधाभास सामने आए हैं, मौसा ने दावा किया था कि वह लड़की को ऑटो से लेकर जा रहा था, लेकिन इलाके के सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक से उसे ले जाता हुआ दिखाई दिया। वहीं, फुटेज में किसी भी चार पहिया वाहन का कोई सबूत नहीं मिला, जिससे अपहरण की कहानी संदिग्ध हो गई।
नशे में धुत्त पाया गया मौसा
मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद मिश्रा के अनुसार, शुरुआती सूचना अपहरण और मारपीट की थी, लेकिन जांच में कई तथ्य सामने आए हैं, जिनकी गहनता से पड़ताल की जा रही है। वहीं डीसीपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर मौसा नशे की हालत में पाया गया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम को जोड़कर मामले की सच्चाई तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपी मौसा से पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस घटना में कोई और शामिल तो नहीं।
इंस्टाग्राम पर मौसा-मौसी में हुआ था प्यार
जानकारी के मुताबिक मृतका की मौसी और आरोपी मौसा की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुई थी, जिसके बाद दोनों ने शादी की थी। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि उत्तराखंड से आकर पेंटिंग का काम करने वाला यह शख्स एक दिन घर की ही बेटी से ही दरिंदगी करेगा और उसके खून से अपने हाथ रंगेगा। बता दें कि किशोरी मौसी और मौसा के साथ ही रहती थी।
Written By Toshi Shah