Tejashwi Yadav: RJD तेजस्वी यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए भारत की विदेश नीति को पूरी तरह विफल बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार की नीतियों के कारण देश आर्थिक और कूटनीतिक दोनों मोर्चों पर कमजोर हुआ है।

केंद्र की गलत विदेश नीति के वजह से जनता परेशान

तेजस्वी यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत विदेश नीति का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय संबंधों के खराब प्रबंधन की वजह से गैस और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है, जिससे ईंधन संकट और महंगाई बढ़ेगी।

'राष्ट्रीय नीति' नहीं बल्कि 'प्राइवेट पॉलिसी'

उन्होंने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा विदेश नीति 'राष्ट्रीय नीति' नहीं बल्कि 'प्राइवेट पॉलिसी' बनकर रह गई है। उनके मुताबिक, इस नीति में संस्थागत भूमिका कमजोर हो गई है और निर्णय सीमित स्तर पर लिए जा रहे हैं। तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि भारत के पड़ोसी देशों के साथ संबंध पहले की तुलना में कमजोर हुए हैं और कठिन समय में कोई भी देश भारत के साथ खड़ा नजर नहीं आया।

तेजस्वी यादव ने भाजपा पर निशाना साधा

इसके अलावा, तेजस्वी यादव ने बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट में हुई एक कथित हत्या की घटना पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, लेकिन इस मामले में पुलिस पर ही गंभीर आरोप लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि एक थानेदार ने शराब के नशे में एक निर्दोष व्यक्ति को गोली मार दी, जो बेहद चिंताजनक है।

'बिहार में अपराध चरम सीमा पर'

तेजस्वी यादव ने राज्य में बढ़ते अपराध को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में संगठित अपराध बढ़ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उनके अनुसार, पुलिस व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो चुकी है और प्रशासन का नियंत्रण कमजोर पड़ गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 'अराजकता का माहौल' बन गया है, जहां रोजाना गोलीबारी और हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।

दोषी पुलिस अधिकारी पर हो कड़ी कार्रवाई: तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने सरकार से मांग की कि दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय मिले। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे और मामले को लेकर प्रशासन पर दबाव बनाएंगे।

Writen By: Geeta Sharma