Best Places for Kids Delhi NCR: हमेशा वीकेंड का नाम लेते ही बच्चे खुशी से झूम उठते हैं और ऐसे में हर माता-पिता के लिए सबसे बड़ा टास्क होता है कि वीकेंड पर बच्चों को संभालना क्योंकि हर शनिवार-रविवार वही पुराना सवाल होता, आज कहां चलें? अगर आप भी दिल्ली, नोएडा या गुड़गांव में रहते हैं तो हम आपको आज 5 ऐसी जगह के बारे में बता रहे हैं, जहां आप अपने बच्चों के साथ जा सकते हैं, जहां बच्चों के लिए मस्ती, ज्ञान और रोमांच तीनों का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है।

इस वीकेंड पर इन 5 जगहों पर बच्चों को जरूर ले जाएं -

1. राष्ट्रीय बाल भवन, दिल्ली

यह जगह बच्चों के लिए बहुत खास है, जहां वे अलग-अलग एक्टिविटीज में हिस्सा ले सकते हैं। यहां स्केट पार्क, ट्रैफिक पार्क, आर्ट और कल्चर से जुड़ी गतिविधियां होती हैं। बच्चों को यहां की छोटी टॉय ट्रेन की सवारी बहुत पसंद आती है। यह जगह सोमवार और सरकारी छुट्टियों को छोड़कर सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुली रहती है।

2. शंकर इंटरनेशनल डॉल्स म्यूजियम, नई दिल्ली

अगर आपके बच्चे को गुड़िया पसंद हैं, तो यह जगह जरूर ले जाएं। यहां 85 से ज्यादा देशों की करीब 6500 खूबसूरत गुड़िया रखी गई हैं। साथ ही भारत की पारंपरिक पोशाकों में सजी गुड़िया भी देखने को मिलती हैं, जो बच्चों को अलग-अलग संस्कृतियों से परिचित कराती हैं।

3. नेशनल रेल म्यूजियम, नई दिल्ली

ट्रेन पसंद करने वाले बच्चों के लिए यह जगह किसी जादू से कम नहीं है। यहां पुराने समय के इंजन और रेल डिब्बे देखने को मिलते हैं। सबसे ज्यादा मजेदार यहां की टॉय ट्रेन है, जिसमें बैठकर बच्चे पूरे म्यूजियम का चक्कर लगा सकते हैं।

4. नेहरू तारामंडल, दिल्ली

अगर आप बच्चों को अंतरिक्ष और तारों की दुनिया दिखाना चाहते हैं, तो यहां जरूर जाएं। डोम थिएटर में जब आसमान जैसा दृश्य बनता है, तो बच्चे हैरान रह जाते हैं। यहां स्पेस से जुड़ी रोचक फिल्में भी दिखाई जाती हैं, जो बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक होती हैं।

5. वेस्ट टू वंडर पार्क, दिल्ली

इस पार्क में दुनिया के सात अजूबों की खूबसूरत झलक देखने को मिलती है, जिन्हें कबाड़ से बनाया गया है। यह जगह बच्चों और बड़ों दोनों के लिए आकर्षक है। यहां शाम के समय रोशनी में ये संरचनाएं और भी सुंदर लगती हैं और बच्चों को कुछ नया देखने का मौका मिलता है।

Written By - Namita Verma