देशभर में नीट परीक्षा से जुड़े पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों का विरोध लगातार जारी है। इस बीच अभिनेता शाहिद कपूर ने भी छात्रों का समर्थन करते हुए उनकी चिंताओं को गंभीरता से लेने की अपील की है, उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी राय साझा करते हुए कहा कि युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा बना रहना बेहद आवश्यक है।

शाहिद कपूर ने सोशल मीडिया पर कही ये बात

शाहिद कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि यदि जिस पीढ़ी के लिए शिक्षा व्यवस्था बनाई गई है, वही उस पर विश्वास खोने लगे, तो यह चिंताजनक स्थिति होगी। उन्होंने कहा कि छात्रों को अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाने का पूरा अधिकार है और उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

छात्रों के सवालों को गंभीरता से सुनने की जरूरत

उन्होंने आगे कहा कि हर वर्ष छात्र परीक्षाओं में अपने भविष्य के लिए उत्तर लिखते हैं, लेकिन जब वही छात्र अपने भविष्य की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर सवाल पूछ रहे हैं, तो उनकी बात सुनना भी उतना ही जरूरी है। शाहिद ने अपील की कि छात्रों की चिंताओं का सम्मान किया जाए और उनके सवालों का उचित जवाब दिया जाए।

 
 
 
View this post on Instagram
 
 
 

A post shared by Shahid Kapoor (@shahidkapoor)

छात्रों के समर्थन में आए कई सितारे

अभिनेता ने यह भी कहा कि देश के युवा ही आने वाले कल की नींव हैं। इसलिए उन्हें ऐसी शिक्षा व्यवस्था मिलनी चाहिए, जिस पर वे पूरी तरह भरोसा कर सकें। उनका मानना है कि छात्रों के विश्वास को बनाए रखना सरकार और संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारी है। नीट परीक्षा विवाद को लेकर कई अन्य फिल्मी हस्तियों ने भी छात्रों का समर्थन किया है। इससे पहले करीना कपूर, आलिया भट्ट, अनन्या पांडे, सलमान खान, जीनत अमान और शबाना आजमी भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं।

नीट विवाद पर छात्रों का आंदोलन जारी

गौरतलब है कि कथित पेपर लीक के बाद से छात्र लगातार निष्पक्ष जांच, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग कर रहे हैं। इसी क्रम में 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित 'चलो संसद' मार्च में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लेकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।

 

 

 Written By Toshi Shah