साउथ फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता अखिल अक्किनेनी (Akhil Akkineni) लगभग तीन साल बाद अपनी नई फिल्म 'लेनिन' (Lenin) के साथ बड़े पर्दे पर लौटे हैं, उनकी पिछली फिल्म 'एजेंट' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी थी। अब 10 जुलाई को रिलीज हुई उनकी एक्शन-ड्रामा फिल्म 'लेनिन'को लेकर दर्शकों के बीच अच्छी चर्चा है। फिल्म की रिलीज के मौके पर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु ने भी उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दी हैं।
सामंथा ने दी शुभकामनाएं
सामंथा रुथ प्रभु ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'लेनिन' का ट्रेलर साझा करते हुए अखिल अक्किनेनी और पूरी टीम को बधाई दी, उन्होंने लिखा कि फिल्म में पहले से ही ब्लॉकबस्टर जैसी ऊर्जा महसूस हो रही है और पूरी टीम को सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।

नागा चैतन्य के छोटे भाई है अखिल अक्किनेनी
बता दें कि अभिनेता अखिल अक्किनेनी नागा चैतन्य के छोटे भाई हैं। सामंथा और नागा चैतन्य ने 2017 में शादी की थी, लेकिन 2021 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया। इसके बाद दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं। नागा चैतन्य ने अभिनेत्री शोभिता धूलिपाला से विवाह किया, जबकि सामंथा ने राज निदिमोरु से शादी कर ली हैं।
कैसी है 'लेनिन'?
फिल्म 'लेनिन' का निर्देशन मुरली किशोर अब्बुरु ने किया है। इसमें अखिल अक्किनेनी के साथ भाग्यश्री बोरसे मुख्य भूमिका में नजर आती हैं। यह एक तेलुगु एक्शन-रोमांस फिल्म है, जिसकी कहानी रायलसीमा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में एक साहसी युवक की कहानी दिखाई गई है, जो राजनीति, सत्ता संघर्ष और पारिवारिक दुश्मनी के बीच अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ता है।
अखिल अक्किनेनी का फिल्मी सफर
अखिल अक्किनेनी सुपरस्टार नागार्जुन और अभिनेत्री अमला अक्किनेनी के बेटे हैं, उन्होंने 1995 में बाल कलाकार के रूप में 'सिसिंद्री' से अभिनय की शुरुआत की। इसके बाद 2014 में 'मनम' में कैमियो किया और 2015 में 'अखिल' से बतौर मुख्य अभिनेता डेब्यू किया। हालांकि उनकी पहली फिल्म व्यावसायिक रूप से सफल नहीं रही, लेकिन 2017 में रिलीज हुई 'हैलो' से उन्हें दर्शकों और समीक्षकों का बेहतर समर्थन मिला। अब 'लेनिन' के जरिए वह एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
Written By Toshi Shah