साई पल्लवी ने आगामी फिल्म 'रामायण' में माता सीता की भूमिका को अपने अभिनय जीवन का सबसे विशेष अवसर बताया है, उनके अनुसार यह किरदार केवल एक फिल्मी भूमिका नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक अनुभव है, उन्होंने कहा कि उन्हें कभी ऐसा नहीं लगा कि उन्होंने इस भूमिका को हासिल किया है, बल्कि उन्हें विश्वास है कि यह अवसर उन्हें मां सीता का आशीर्वाद मिला, उनका मानना है कि माता सीता जैसे पूजनीय चरित्र को केवल अभिनय कौशल से नहीं निभाया जा सकता, बल्कि इसके लिए श्रद्धा, समर्पण और मानसिक शुद्धता भी आवश्यक होती है।

शूटिंग से पहले शुरू किया था ध्यान

साई पल्लवी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुरू करने से पहले वह नियमित रूप से ध्यान करती थीं। इस दौरान वह मन ही मन प्रार्थना करती थीं कि माता सीता उन्हें सही भाव, विनम्रता और संवेदनशीलता के साथ इस किरदार को निभाने की शक्ति दें, उनका कहना है कि उन्होंने पिछले तीन वर्षों में अपने विचारों और व्यवहार को यथासंभव शांत, सकारात्मक और पवित्र बनाए रखने का प्रयास किया, ताकि उनके अभिनय में उस चरित्र की गरिमा और सरलता स्वाभाविक रूप से दिखाई दे सके।  

किसी देवी या धार्मिक महत्व वाले पात्र को पर्दे पर प्रस्तुत करना कठिन

एक्ट्रेस ने यह भी स्वीकार किया कि किसी देवी या ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले पात्र को पर्दे पर प्रस्तुत करना कलाकार के लिए सबसे कठिन जिम्मेदारियों में से एक होता है। ऐसे किरदारों से करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी होती हैं, इसलिए कलाकार को केवल संवाद बोलने या अभिनय करने से कहीं अधिक मेहनत करनी पड़ती है, उनका मानना है कि इस प्रकार की फिल्मों में पूरी टीम को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करना होता है, क्योंकि ऐसी रचनाएं लंबे समय तक दर्शकों की स्मृतियों में जीवित रहती हैं और भविष्य में भी उनका महत्व बना रहता है।

साई पल्लवी ने फिल्म टीम का किया सराहना

साई पल्लवी ने फिल्म के निर्देशक और पूरी निर्माण टीम की मेहनत की भी सराहना की, उन्होंने बताया कि वह स्वयं पिछले तीन वर्षों से इस परियोजना का हिस्सा हैं, जबकि निर्माता और निर्देशक लगभग दस वर्षों से इस महत्वाकांक्षी फिल्म को साकार करने में जुटे हुए हैं, उनके अनुसार इतनी बड़ी कहानी को भव्य रूप में प्रस्तुत करने के लिए लंबे समय तक धैर्य, शोध और निरंतर प्रयास की आवश्यकता होती है।

नितेश तिवारी है रामायण के निर्देशक

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' में भगवान राम की भूमिका रणबीर कपूर निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के रूप में दिखाई देंगी। फिल्म में यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, फिल्म का ट्रेलर 24 जुलाई को जारी किया जाएगा।

 

 

Written By Toshi Shah