राजस्थान रॉयल्स (RR) के बाद अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को भी नया मालिक मिल गया है। आदित्य बिरला ग्रुप की अगुवाई वाले एक कंसोर्टियम ने इस टीम को लगभग 1.78 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 16,000 करोड़ रुपये से अधिक) में खरीद लिया है। इस समूह में आदित्य बिरला ग्रुप के साथ टाइम्स ग्रुप, बोल्ट वेंचर्स और ब्लैकस्टोन जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन सभी ने मिलकर यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड से RCB की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम कर ली है।

आर्यमान विक्रम बने नए चेयरमैन

इस नई व्यवस्था के तहत आर्यमान विक्रम बिरला को टीम का चेयरमैन बनाया गया है, जबकि सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। यह डील न केवल RCB की मेंस टीम बल्कि वीमेंस टीम को भी कवर करती है।

हाल ही में चैंपियन बनीं है टीम

RCB हाल ही में आईपीएल की चैंपियन टीम बनी थी, टीम ने 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रनों से हराकर पहली बार खिताब जीता था। इससे पहले महिला टीम ने 2024 में WPL ट्रॉफी जीती थी, यानी कुल मिलाकर RCB के नाम अब 2 बड़े खिताब हैं।

पहले दिन इनसे होगा मुकाबला

अगर मुकाबलों की बात करें, तो IPL 2026 में RCB अपना पहला मैच 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स, 10 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स और 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से उसका मुकाबला होगा।

राजस्थान रॉयल्स को पछाड़ा RCB

इससे पहले राजस्थान रॉयल्स भी लगभग 1.63 बिलियन डॉलर (करीब 15,286 करोड़ रुपये) में बिक चुकी थी, लेकिन RCB की डील उससे भी बड़ी साबित हुई है।

 

Written By Toshi Shah