Ramayana Trailer Release: आज के दौर में शायद ही कोई फिल्म हो जिसका इंतजार दर्शक ‘रामायण’ जितना कर रहे हों। नितेश तिवारी की यह मेगा बजट फिल्म लंबे समय से चर्चा में है और अब इसका ट्रेलर रिलीज होने वाला है। दिलचस्प बात यह है कि ट्रेलर सबसे पहले भारत में नहीं, बल्कि अमेरिका में दिखाया जाएगा। हाल ही में रणबीर कपूर और यश को मुंबई एयरपोर्ट पर देखा गया, जहां से वे सैन डिएगो कॉमिक-कॉन (San Diego Comic-Con) में शामिल होने के लिए अमेरिका रवाना हुए। मेकर्स ने इस इंटरनेशनल इवेंट को ट्रेलर लॉन्च के लिए चुना है, जिससे साफ है कि फिल्म को ग्लोबल स्तर पर पेश करने की तैयारी की गई है
कौन-कौन रहेगा मौजूद?
सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में 23 जुलाई को फिल्म का खास पैनल आयोजित किया जाएगा। इस दौरान रणबीर कपूर, यश, निर्देशक नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को मशहूर एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट कोय जांद्रेउ होस्ट करेंगे। भारतीय समय के अनुसार यह इवेंट 24 जुलाई की सुबह करीब 3:15 बजे शुरू होगा।
भारत में ट्रेलर कब रिलीज होगा?
भारतीय दर्शकों के लिए अच्छी खबर यह है कि ट्रेलर 24 जुलाई को ही रिलीज किया जाएगा। पीवीआर पिक्चर्स के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार इसे सुबह 10 बजे डिजिटल प्लेटफॉर्म और सिनेमाघरों में देखा जा सकेगा। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में सुबह 8 बजे रिलीज होने की बात भी कही गई है, लेकिन मेकर्स ने फिलहाल सिर्फ 24 जुलाई की तारीख की पुष्टि की है।
फिल्म में कौन निभा रहा है कौन-सा किरदार?
फिल्म की स्टार कास्ट भी काफी मजबूत है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता के किरदार में नजर आएंगी। यश इस प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा हैं और उनके रोल को लेकर भी दर्शकों में काफी उत्सुकता है।
दिवाली पर रिलीज होगा पहला भाग
‘रामायण’ को दो भागों में बनाया जा रहा है। इसका पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा। मेकर्स का कहना है कि फिल्म में भारतीय पौराणिक कथा को आधुनिक तकनीक, बड़े विजुअल स्केल और इंटरनेशनल स्तर की प्रस्तुति के साथ दर्शकों के सामने लाया जाएगा, इसलिए ट्रेलर को लेकर फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है और अब सभी फैंस की नजरें फिल्म रिलीज पर है। देखना वाकई काफी दिलचस्प होगा कि सिनेमाघरों में यह कितना कमाल दिखा पाती है।