टीवी अभिनेता राम कपूर ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक दिलचस्प खुलासा किया है। हाल ही में एक बातचीत के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि शादी से पहले उनकी लव लाइफ काफी चर्चा में रही और उनके कई रिश्ते रहे थे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उस दौर में वह खुद को "प्लेबॉय" मानते थे और उनके अफेयर्स की संख्या इतनी अधिक थी कि अब उन्हें गिन पाना भी मुश्किल है।

कोई अफेयर नहीं रहा- राम कपूर

बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या शादी के बाद भी उनका कोई अफेयर रहा, तो उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि विवाह के बाद उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई और तब से उनका किसी के साथ कोई अफेयर नहीं रहा, उन्होंने बताया कि शादी से पहले का उनका व्यक्तित्व अलग था, लेकिन विवाह के बाद उन्होंने अपने रिश्ते को पूरी ईमानदारी से निभाया।

पत्नी गौतमी कपूर से जुड़ा एक पुराना किस्सा किया साझा

राम कपूर ने अपनी पत्नी गौतमी कपूर से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी साझा किया, उन्होंने बताया कि जब उनके और गौतमी की शादी की खबर सामने आई थी, तब उनकी करीबी दोस्त एकता कपूर ने गौतमी को फोन कर उनकी पुरानी डेटिंग हिस्ट्री के बारे में आगाह किया था। राम के अनुसार, उस समय एकता को गौतमी की चिंता थी और उन्हें लगता है कि एक सच्चे दोस्त के नाते उन्होंने जो किया, वह गलत नहीं था। राम ने यह भी स्वीकार किया कि उस समय उनका स्वभाव और जीवनशैली वास्तव में वैसी ही थी, जैसी लोगों की उनके बारे में धारणा थी।

साल 2000 में शो के सेट पर हुई थी कपल की मुलाकात

राम कपूर और गौतमी कपूर की मुलाकात वर्ष 2000 में टीवी धारावाहिक "घर एक मंदिर" के सेट पर हुई थी। साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कुछ वर्षों तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद उन्होंने 14 फरवरी 2003 को शादी कर ली। आज यह जोड़ी दो बच्चों बेटी सिया और बेटे अक्स की परवरिश कर रही है और टेलीविजन की लोकप्रिय जोड़ियों में गिनी जाती है।

 

 

Written By Toshi Shah