राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। पार्टी के कुछ नेताओं ने उन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने संसद में पंजाब से जुड़े मुद्दों को पर्याप्त रूप से नहीं उठाया। इन आरोपों के जवाब में राघव चड्ढा ने एक और वीडियो जारी कर अपनी बात रखी।

यहां एक छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी...- राघव

वीडियो में राघव चड्ढा ने कहा कि उनके उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहना पड़ा कि वे संसद में पंजाब के मुद्दों को उठाने में नाकाम रहे, यहां एक छोटा सा ट्रेलर है. पिक्चर अभी बाकी है, उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब उनके लिए केवल एक विषय नहीं, बल्कि उनका घर, जिम्मेदारी और आत्मा है।

राघव ने शेयर की वीडियो

अपने बचाव में चड्ढा ने उन मुद्दों की सूची साझा की, जिन्हें उन्होंने संसद में उठाया है। इनमें करतार साहिब और ननकाना साहिब कॉरिडोर, किसानों के लिए एमएसपी, ‘कैंसर ट्रेन’, और दिल्ली समेत उत्तर भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण जैसे विषय शामिल हैं।

कई मुद्दों पर की बात

इसके अलावा वीडियो में राघव चड्ढा ने एमएसपी की लीगल गारंटी की मांग, पंजाब में पानी की किल्लत, किसानों की विभिन्न मांगे, पंजाब में लुप्त होता भूजल, शहीद भगत सिंह के लिए भारत रत्न की मांग, नदी का पुनरुद्धार और जल तक पंजाब की पहुंच, महाराजा रणजीत सिंह के लिए शाही सिंहासन की मांग के मुद्दे का भी जिक्र किया है. 

केंद्र सरकार से की अपील

राघव ने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की कमी, राज्य के लिए फंड जारी करने, और आनंदपुर साहिब को हेरिटेज सिटी बनाने जैसे विषयों पर भी अपनी पहल का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से पंजाब के विकास के लिए सहयोग की अपील भी की।

आम आदमी पार्टी ने की राघव चड्ढा की आलोचना

आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को उठाने में कथित तौर पर विफल रहने पर राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा की आलोचना करते हुए कहा कि उनकी ‘निष्क्रियता’ पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।

 Written By Toshi Shah