(AAP) आम आदमी पार्टी और उनके नेता राघव चड्ढा के बीच झगड़ा अब काफी बढ़ गया है। शनिवार को राघव चड्ढा ने अपनी ही पार्टी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि उनके खिलाफ जानबूझकर एक 'अभियान' चलाया जा रहा है ताकि उनकी छवि खराब की जा सके। उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को झूठा बताया और साफ किया कि वे डरे हुए नहीं हैं, बल्कि उनके खिलाफ साजिश रची जा रही है।
हंगामे पर दी सफाई
राघव चड्ढा ने उन आरोपों पर सफाई दी जिनमें कहा गया था कि वे संसद में सरकार के खिलाफ मजबूती से आवाज नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे संसद में जनता के मुद्दे उठाने और सरकार पर दबाव बनाने जाते हैं, न कि वहां चिल्लाने, माइक तोड़ने या गाली-गलौज करने के लिए। चड्ढा ने साफ किया कि उनके काम करने का तरीका अलग है और शोर न मचाने का मतलब यह नहीं कि वे चुप हैं।
राघव चड्ढा ने फिल्मी अंदाज में दी चेतावनी
अपनी बात को दमदार तरीके से रखने के लिए राघव चड्ढा ने एक मशहूर फिल्म का डायलॉग भी बोला। उन्होंने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा, 'हर झूठ का पर्दाफाश होगा, क्योंकि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।' यह बयान तब आया है जब पार्टी ने उन पर आरोप लगाया था कि वे प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के खिलाफ बोलने से बच रहे हैं।
पद से हटाए जाने पर छलका दर्द
आपको बता दें कि यह सारा विवाद तब शुरू हुआ जब राघव चड्ढा को राज्यसभा में 'आप' के उपनेता पद से हटा दिया गया। पद छिनने के एक दिन बाद ही उन्होंने पलटवार करते हुए कहा था कि उनकी खामोशी को उनकी हार न समझा जाए। उन्होंने उन बातों को भी गलत बताया जिनमें कहा गया था कि वे विपक्षी दलों के साथ वॉकआउट (संसद छोड़कर बाहर जाना) में शामिल नहीं हुए।
आलोचकों को दी खुली चुनौती
राघव चड्ढा ने उन लोगों को खुली चुनौती दी है जो उन पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी एक ऐसा उदाहरण दिखा दे जहां उन्होंने विपक्षी एकता का साथ न दिया हो। उन्होंने यह भी साफ किया कि वे संसद के अंदर और बाहर मजबूती से अपनी बात रखते रहेंगे और जो आरोप उन पर लगाए जा रहे हैं, वे पूरी तरह बेबुनियाद हैं।
Written by: Anushka sagar