प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से दो दिन के तमिलनाडु के दौरे पर है। वह दोपहर को चेन्नई हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह पुडुचेरी के लिए उड़ान भरेंगे। जहां वे शाम को भाजपा और उसके सहयोगी दलों के उम्मीदवारों के लिए एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे चेन्नई लौट आएंगे। अगले दिन वह चेन्नई में लगभग 100 पार्टी पदाधिकारियों और अन्य लोगों से बातचीत करेंगे। 23 अप्रैल को तमिलनाडु और 9 अप्रैल को पुडुचेरी में होने वाले चुनावों को ध्यान में रखते हुए उनकी यह यात्रा काफी अहम मानी जा रही है। सुरक्षा के मद्देनज़र चेन्नई शहर में कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और पुलिस ने पूरे इलाके को हाई अलर्ट पर रखा है।
पुडुचेरी में जनसभा को करेंगे संबोधित
दोपहर करीब 3:20 बजे प्रधानमंत्री चेन्नई एयरपोर्ट पर उतरेंगे। वहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए सीधे पुडुचेरी जाएंगे, जहां शाम को एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। पुडुचेरी से लौटने के बाद वे चेन्नई में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और बूथ प्रबंधन पर चर्चा करेंगे।
चेन्नई में कर सकते हैं है रोड शो
अगले दिन प्रधानमंत्री चेन्नई में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा मायलापुर या टी. नगर जैसे क्षेत्रों में रोड शो की भी संभावना है। कार्यक्रम के बाद वे केरल के लिए रवाना हो सकते हैं।
चेन्नई ने तैनात होंगे 3,000 से अधिक पुलिसकर्मी
प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर चेन्नई पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। करीब 3,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। चेन्नई एयरपोर्ट, गिंडी और मीनांबक्कम को ‘रेड ज़ोन’ घोषित किया गया है, जहां ड्रोन, रिमोट कंट्रोल एयरक्राफ्ट और हॉट एयर बैलून के उड़ान पर पूरी तरह रोक है। प्रधानमंत्री के काफिले के मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किए गए हैं और लोगों से सहयोग की अपील की गई है। पार्टी सूत्रों का मानना है कि चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में प्रधानमंत्री की मौजूदगी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगी और पुडुचेरी में गठबंधन के पक्ष में माहौल बनाने में मददगार साबित होगी।
Written By Toshi Shah