करीब 25 वर्षों के इंतजार के बाद नोएडा क्षेत्र का अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने का सपना आज साकार होने जा रहा है। आज यानी शनिवार को नरेंद्र मोदी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा का उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण और विमान रखरखाव के लिए बनने वाले एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ऑपरेशंस) केंद्र की आधारशिला भी रखी जाएगी। संभावना है कि यहां से घरेलू उड़ानें और कार्गो सेवाएं अप्रैल के अंतिम सप्ताह तक शुरू हो जाएंगी। पहले चरण में लगभग 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित यह परियोजना करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है।

12 बजे पीएम मोदी करेंगे हवाई अड्डा का उद्घाटन

उद्घाटन कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री सुबह लगभग 11:30 बजे टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे, जिसके बाद दोपहर 12 बजे औपचारिक उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल, योगी आदित्यनाथ और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी उपस्थित रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे, जो एयरपोर्ट परिसर में ही आयोजित होगी।

देश का सबसे बड़ा होगा हवाई अड्डा

पूरी तरह विकसित होने पर यह हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा और दिल्ली-एनसीआर का दूसरा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा। इसके चालू होने से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और हिंडन हवाई अड्डा पर यात्री दबाव कम होगा, साथ ही, यह क्षेत्र के उद्योगों के लिए निर्यात को बढ़ावा देने वाला प्रमुख कार्गो हब भी बनेगा, जिससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और आसपास के जिलों के व्यवसायों को लाभ मिलेगा।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक  और केशव प्रसाद मौर्य ने कही ये बात

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसे देश और प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा देगी, बल्कि आर्थिक विकास और रोजगार सृजन को भी गति देगी। वहीं, दूसरे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह परियोजना आम लोगों के हवाई यात्रा के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

  Written By Toshi Shah