नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से टेलीफोन पर बातचीत की। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत-इज़राइल विशेष रणनीतिक साझेदारी (Special Strategic Partnership) की प्रगति की समीक्षा की और पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत और इज़राइल रणनीतिक साझेदारी
PMO ने कहा कि भारत और इज़राइल के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है और दोनों देशों ने पारस्परिक हितों को ध्यान में रखते हुए रक्षा, व्यापार, निवेश, प्रौद्योगिकी और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विचार-विमर्श किया और भविष्य में लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बना हुआ है। इससे पहले दोनों नेताओं के बीच इसी वर्ष मार्च में भी क्षेत्रीय हालात को लेकर चर्चा हुई थी।
मुक्त व्यापार समझौता
भारत और इज़राइल के बीच हाल के वर्षों में कई क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ा है। जुलाई में दोनों देशों ने प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (Free Trade Agreement-FTA) पर दूसरे दौर की वार्ता पूरी की थी। दोनों पक्षों ने संतुलित, व्यापक और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को जल्द अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता जताई थी, जिससे व्यापार, निवेश और आर्थिक संबंधों को और मजबूती मिल सके।
यह भी पढ़ें: यूएई समेत 8 इस्लामी देशों ने इज़राइल पर साधा निशाना, कहा- गाजा शांति योजना को पटरी से उतार रही है कार्रवाई
वहीं, जून में भारत में इज़राइल के राजदूत रियूवेन अजार ने कहा था कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बावजूद भारत-इज़राइल संबंध बेहद सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने रक्षा, बुनियादी ढांचा, वित्त, व्यापार और अन्य क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ते सहयोग को इसका प्रमुख कारण बताया।
दोनों देशों के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक सहयोग को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले समय में भारत-इज़राइल संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
Written By: Pradeep Singh