बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपनी आगामी फिल्म 'ओह माय डॉग' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक मनोरंजक फिल्म नहीं है, बल्कि इंसान और डॉग के बीच बनने वाले खास रिश्ते को दिखाने वाली भावनात्मक कहानी है। फिल्म में प्यार, दोस्ती और भरोसे के ऐसे पहलुओं को दिखाया जाएगा, जिससे हर उम्र के दर्शक खुद को जोड़ पाएंगे।

फिल्म की कहानी सुनते ही पंकज त्रिपाठी ने कर दी थी हां

ट्रेलर लॉन्च के मौके पर पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जब निर्देशक अमित राय उनके पास फिल्म की कहानी लेकर आए तो उन्हें यह तुरंत पसंद आ गई। अभिनेता ने कहा कि उन्होंने कहानी सुनते ही फिल्म में काम करने के लिए हामी भर दी थी। पंकज त्रिपाठी ने बताया कि इससे पहले वह अमित राय के साथ फिल्म 'ओह माय गॉड 2' में काम कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि इंसान और पालतू जानवर के बीच का रिश्ता बेहद खास होता है। एक डॉग अपने मालिक से बिना किसी शर्त के प्यार करता है और धीरे-धीरे परिवार का हिस्सा बन जाता है। फिल्म इसी खूबसूरत भावना को पर्दे पर पेश करती है।

डायरेक्टर अमित राय ने बताई फिल्म की खासियत

निर्देशक अमित राय ने भी फिल्म की कहानी को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसी कहानी बनाना था, जिससे पूरा परिवार जुड़ सके। बच्चों और डॉग्स के बीच की दोस्ती को उन्होंने दुनिया के सबसे प्यारे रिश्तों में से एक बताया। अमित राय के अनुसार, फिल्म दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी करेगी। उनका मानना है कि इस कहानी के जरिए लोगों में जानवरों के प्रति प्यार और संवेदनशीलता बढ़ेगी।

 बच्चे और डॉग की दोस्ती पर आधारित है फिल्म

'ओह माय डॉग' की कहानी एक छोटे बच्चे और एक डॉग के बीच बनने वाले अनोखे रिश्ते पर आधारित है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे एक जानवर इंसान की जिंदगी में बदलाव ला सकता है और मुश्किल समय में उसका सबसे अच्छा साथी बन सकता है। फिल्म में कई डॉग्स भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। ऑस्कर और ब्रूनो नाम के डॉग्स कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग में 250 से ज्यादा डॉग्स को शामिल किया गया है।

स्टारकास्ट और रिलीज डेट

फिल्म में पंकज त्रिपाठी के अलावा माही राय, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा और विजय मिश्रा जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने किया है। 'ओह माय डॉग' का निर्माण बाबूलाल बाइस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया है। यह फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इंसान और जानवर के रिश्ते पर आधारित यह फिल्म दर्शकों को भावनात्मक अनुभव देने की कोशिश करेगी।

 

 

Writeen By: Archana Gupta