Offbeat Desitnation In Uttarakhand: दिल्ली में जैसे ही गर्मियों की छुट्टियां शुरू होती हैं, लोग पहाड़ों की तरफ घूमने का प्लान बनाने लगते हैं। लेकिन अगर आप शिमला, मसूरी या कुल्लू जैसी जगहों पर जाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राय करें। आपको बता दें कि उत्तराखंड में कई ऐसे ऑफबीट डेस्टिनेशन हैं, जहां आपको खूबसूरत नज़ारों के साथ सुकून भी मिलेगा और प्रकृति के करीब समय बिताने का मौका भी। चाहे आप परिवार के साथ घूमने जा रहे हों या दोस्तों के साथ ट्रैकिंग का प्लान बना रहे हों, ये जगहें आपके लिए बेहतरीन रहेंगी। एक बार जाएंगे तो बार-बार जाने का मन करेगा।

पियोड़ा गांव

उत्तराखंड में नैनीताल के आगे मुक्तेश्वर के पास स्थित पियोड़ा गांव अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाता है। करीब 6500 फीट की ऊंचाई पर बसा यह शांत गांव मुक्तेश्वर से लगभग 10 किमी दूर है। यहां पास में कपिलेश्वर महादेव मंदिर भी है, जो नदी किनारे स्थित है। इस जगह पर आपको पहाड़ों के शानदार नज़ारे देखने को मिलेंगे और साथ ही देसी माहौल का अनुभव होगा। अगर आप शांति में कुछ दिन बिताना चाहते हैं, तो यहां होटल के साथ-साथ अच्छे होमस्टे भी मिल जाते हैं।

डार्मा वैली

डार्मा वैली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए मशहूर है। यहां के दुगजू और दांतू गांव पर्यटकों के बीच काफी पसंद किए जाते हैं। इस घाटी से पंचचूली की खूबसूरत पहाड़ियां साफ नजर आती हैं। गर्मियों की छुट्टियों में सुकून और एडवेंचर दोनों का मजा लेना हो, तो यह जगह बेहतरीन विकल्प है।

खिरसू

अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी शांत जगह की तलाश में हैं, तो खिरसू आपके लिए सही जगह है। यह छोटा सा हिल स्टेशन अभी ज्यादा प्रसिद्ध नहीं है, इसलिए यहां सुकून और प्राकृतिक सुंदरता भरपूर मिलती है। घने जंगल, पुराने मंदिर और शांत वातावरण इसे खास बनाते हैं। एडवेंचर पसंद करने वाले लोग यहां कैंपिंग के लिए आते हैं। खिरसू के पास घुरदौरी तक का 25 किमी लंबा रास्ता साइकिलिंग के लिए काफी मशहूर है। यह जगह पौड़ी गढ़वाल से करीब 15 किमी दूर है, जहां टैक्सी या कैब से आसानी से पहुंचा जा सकता है।

कसार देवी

कसार देवी मंदिर उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्थित यह स्थान अपने प्राचीन सिद्धपीठ के लिए खास पहचान रखता है। यहां की एक और खासियत इसका अनोखा मैग्नेटिक फील्ड है, जिसे Van Allen radiation belts से जोड़ा जाता है। यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां शांति और सकारात्मक ऊर्जा की तलाश में पहुंचते हैं। अगर आप भी इस समर वेकेशन में मानसिक सुकून और नेगेटिव एनर्जी से दूर जाना चाहते हैं, तो कसार देवी एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।

ग्वालदम

ग्वालदम एक छोटा और कम भीड़भाड़ वाला हिल स्टेशन है, जो प्रकृति प्रेमियों के लिए आदर्श जगह है। यहां आपको शांति और सुकून का पूरा अनुभव मिलेगा। यह बैजनाथ से लगभग 22 किमी और बागेश्वर से करीब 45 किमी दूर है। नैनीताल से इसकी दूरी लगभग 149 किमी है। यहां खूबसूरत झीलें और पहाड़ों के मनमोहक दृश्य देखने को मिलते हैं, जो इसे ठहरने के लिए एक शानदार जगह बनाते हैं।

Written By - Namita Verma