Nitish Kumar News: एक बार फिर नीतीश कुमार जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। बताया जा रहा है कि 21 जून, रविवार को जदयू राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार पर मुहर लगाई गई। इसके साथ ही बिहार अध्यक्ष के पद पर उमेश कुशवाहा बने रहेंगे।
वहीं जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नीतीश कुमार बिहार की यात्रा पर निकलेंगे। इस बार भी नीतीश सरकार और पार्टी संगठन के काम को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
उमेश कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष पद की मंजूरी
जनता दल की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी संगठन को लेकर बड़ा फैसले लिए गए। बैठक के बाद मंत्री मदन सहनी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उमेश कुशवाहा के नाम को राष्ट्रीय परिषद की ओर से मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया है।
'नीतीश कुमार जल्द ही पूरे बिहार के दौरे पर निकलेंगे'
मदन सहनी ने यह भी बताया कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही पूरे बिहार के दौरे पर निकलेंगे। इस दौरान वे कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में राज्यभर में और अधिक मजबूत होगी।
नीतीश के JDU राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर क्या बोले निशांत कुमार ?
बैठक में शामिल हुए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने कहा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारियों के बाद अब सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा कि जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए जो कार्य किए हैं, उन्हें लेकर वे जनता के बीच जाएंगे। निशांत कुमार ने कहा कि उनके पिता नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इससे पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।
'निशांत भैया जेडीयू का भविष्य हैं'
वहीं, बैठक के बाद बाहर निकलीं विधायक कोमल सिंह ने बताया कि बैठक में निशांत कुमार की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि 'निशांत भैया जेडीयू का भविष्य हैं' और जल्द ही उन्हें पार्टी में कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। राजनीतिक गलियारों में इस बयान के बाद चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
Written By: Geeta Sharma