बड़े शहरों और छोटे शहरों की जीवनशैली को लेकर अक्सर यह माना जाता है कि रिश्तों और व्यक्तिगत जीवन में सिर्फ महानगरों में ही ज्यादा बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन हाल ही में आई एक वैश्विक डेटिंग प्लेटफॉर्म की रिपोर्ट ने इस सोच को चुनौती दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में शादीशुदा लोगों के बीच एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन से जुड़े ट्रेंड सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि छोटे शहरों और कस्बों में भी इनकी गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं।
सामने आई ये रिपोर्ट
2025 की इस रिपोर्ट में डेटिंग प्लेटफॉर्म Ashley Madison के यूजर डेटा का विश्लेषण किया गया, जिसमें भारत को सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक बताया गया है। इसमें साइन-अप और एक्टिव यूज के आधार पर शहरों और जिलों की रैंकिंग तैयार की गई, जहां सबसे ज्यादा एक्टिविटी दर्ज हुई।
तमिलनाडु का ये शहर बना एक्स्ट्रा मैरिटल रिलेशन का कैपिटल
रिपोर्ट के अनुसार तमिलनाडु का कांचीपुरम इस सूची में पहले स्थान पर पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि यह शहर पहले इस रैंकिंग में काफी नीचे था, लेकिन एक साल के भीतर यह सीधे शीर्ष पर आ गया। आमतौर पर अपनी संस्कृति, मंदिरों और सिल्क साड़ियों के लिए मशहूर यह शहर अब इस नई रिपोर्ट की वजह से चर्चा में है। डेटा यह भी संकेत देता है कि छोटे शहरों में भी इस तरह के प्लेटफॉर्म पर लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
दिल्ली-NCR भी इस मामले में आगे
रैंकिंग में दिल्ली-NCR के कई इलाके भी शामिल हैं। सेंट्रल दिल्ली दूसरे स्थान पर है, जबकि दक्षिण-पश्चिम, पूर्वी, दक्षिण, पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिल्ली भी टॉप 20 में जगह बनाने में सफल रहे हैं। इसके अलावा गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद जैसे शहर भी इस सूची का हिस्सा हैं। कुल मिलाकर टॉप 20 में दिल्ली-NCR के करीब नौ क्षेत्र शामिल हैं।
टॉप 20 की सूची में कौन-कौन
इस सूची में कांचीपुरम, सेंट्रल दिल्ली, गुरुग्राम, गौतम बुद्ध नगर, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, देहरादून, पूर्वी दिल्ली, पुणे, बेंगलुरु, दक्षिण दिल्ली, चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, पश्चिम दिल्ली, कामरूप, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, रायगढ़, हैदराबाद, गाजियाबाद और जयपुर जैसे शहर और क्षेत्र शामिल बताए गए हैं। खास बात यह है कि इस सूची में मुंबई का नाम नहीं है, जबकि कई अपेक्षाकृत छोटे शहर इसमें जगह बनाने में सफल रहे हैं।
क्यों बढ़ रहे हैं ऐसे मामले?
विशेषज्ञों के अनुसार, एक्स्ट्रा मैरिटल संबंधों के पीछे कई सामाजिक और व्यक्तिगत कारण हो सकते हैं। लंबे कार्य घंटे, रिश्तों में भावनात्मक दूरी, निजी जीवन में बढ़ती स्वतंत्रता और शहरी जीवन की गोपनीयता जैसे कारण इसमें भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स ने लोगों के लिए गुमनाम तरीके से नए संपर्क बनाना पहले की तुलना में काफी आसान कर दिया है। कुछ सर्वे में यह भी दावा किया गया है कि भारत और ब्राज़ील जैसे देशों में ऐसे अनुभवों को स्वीकार करने वाले लोगों की संख्या अधिक है। एक रिपोर्ट के अनुसार लगभग 53 प्रतिशत भारतीयों ने माना कि उन्होंने कभी न कभी अपने जीवन में एक्स्ट्रा रिलेशनशिप अनुभव का सामना किया है।
Written By Toshi Shah