प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने इसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए एक महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी सुधार कदम बताया। यह हवाई अड्डा देश की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। पहले चरण में 1,300 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले टर्मिनल और रनवे शामिल हैं। हवाई अड्डे का निर्माण चार चरणों में पूरा होगा और सभी चरणों के पूर्ण होने पर यह भारत का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बन जाएगा। नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश ऐसा पहला राज्य बन जाएगा जिसमें पांच अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे होंगे।
नोएडा एयरपोर्ट क्या महत्वपूर्ण है?
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (NIA) गौतमबुद्ध नगर के जेवर में स्थित नया ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट है। यह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा है। इसका स्थान रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है और इससे दिल्ली-एनसीआर, नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की सुविधा बढ़ेगी। इस हवाईअड्डे का निर्माण ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी, उत्तर प्रदेश सरकार और भारत सरकार के संयुक्त प्रयास से हो रहा है। इससे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (IGI) पर यातायात का दबाव कम होगा।
कब से शुरू होंगी उड़ानें?
हालांकि हवाईअड्डे का उद्घाटन हो चुका है, लेकिन 28 मार्च से व्यावसायिक उड़ानें शुरू नहीं होंगी। पहली उड़ान की तिथि अब तय की जाएगी और टिकट बुकिंग आम तौर पर उड़ान शुरू होने से 15–20 दिन पहले खुलती है। अनुमान है कि अप्रैल के मध्य से टिकट बुकिंग शुरू हो सकती है, और अप्रैल-अंत या मई की शुरुआत में उड़ानें परिचालन में आ सकती हैं।
शुरुआती कनेक्टिविटी
रिपोर्ट्स के अनुसार पहले चरण में हाई-डिमांड वाले मेट्रो शहरों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। संभवत इन 10 शहरों के लिए सीधी उड़ानें उपलब्ध होंगी। जिसमें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा और जयपुर शामिल है।
जानिए प्रमुख एयरलाइंस और बुकिंग के बारे में
प्रारंभिक चरण में प्रमुख एयरलाइंस के रूप में IndiGo, Akasa Air और Air India Express उड़ानें संचालित करेंगी। इन एयरलाइंस के जरिए घरेलू और कुछ अंतरराष्ट्रीय मार्ग उपलब्ध होंगे।
टिकट बुकिंग के लिए अभी तक आधिकारिक तारीख घोषित नहीं हुई है, लेकिन अनुमान है कि उड़ान शुरू होने से 2–4 सप्ताह पहले बुकिंग खुल सकती है। यात्रियों को आधिकारिक वेबसाइट या एयरलाइंस ऐप पर अपडेट चेक करते रहना चाहिए।
महत्व और प्रभाव
नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (जेवर) NCR क्षेत्र के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। यह एशिया के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक है। इसका निर्माण दिल्ली एयरपोर्ट पर दबाव कम करने और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने में सहायक होगा।
Written By Toshi Shah